महाराष्ट्र: बेलापुर रोड पर स्कूटी सवार युवती को तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर, सूझबूझ से बची जान; वीडियो वायरल
महाराष्ट्र के श्रीरामपुर में बेलापुर रोड पर एक तेज रफ्तार रेत के ट्रक ने स्कूटर सवार युवती को टक्कर मार ...और पढ़ें

महाराष्ट्र में स्कूटी सवार युवती को तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर(फोटो: सोशल मीडिया)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के श्रीरामपुर शहर के बेलापुर रोड पर रेत से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक स्कूटर से टकरा गया। इस भयानक हादसे में स्कूटर चला रही युवती बाल-बाल बच गई।
रेत ले जा रहा ट्रक बेलापुर रोड पर मुड़ रहा था, तभी सामने से आ रही स्कूटर सवार युवती को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटर सड़क पर गिर गया और सवार युवती हवा में उछल गई।
टक्कर के बाद भी ट्रक पूरी तरह नहीं रुका था, जिससे युवती गाड़ी के ठीक सामने जमीन पर गिरने ही वाली थी। हालांकि, उसने गजब की सूझबूझ और फुर्ती दिखाते हुए चलते ट्रक का बंपर पकड़ लिया और अपनी जान बचा ली। इसके बाद वह खुद उठी और अपने स्कूटर को किनारे किया।
ड्राइवर के फरार होने के बाद लोगों का फूटा गुस्सा
हादसे के बाद मदद करने के बजाय ट्रक ड्राइवर ने युवती से बहस करने की कोशिश की। लेकिन जैसे ही आस-पास के लोग मदद के लिए दौड़े और ड्राइवर को स्थिति की गंभीरता का अहसास हुआ, वह मौके से फरार हो गया।
चश्मदीदों के मुताबिक, यह ट्रक वैजापुर तालुका के महालगांव में रेत की नीलामी से जुड़ा था और उस पर कोई नंबर प्लेट भी नहीं थी।
हाल के दिनों में इस इलाके में बिना परमिट और तेज रफ्तार से रेत ले जाने वाले वाहनों की आवाजाही काफी बढ़ गई है। इससे आक्रोशित स्थानीय नागरिक श्रीरामपुर तालुका पुलिस से मांग कर रहे हैं कि बिना नंबर प्लेट के दौड़ने वाले और नियमों का खुलेआम उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
