Maharashtra: नगर पंचायत चुनाव में शिवसेना चौथे स्थान पर
Maharashtra महाराष्ट्र की 106 नगर पंचायतों के लिए हुए चुनाव के अब तक आए परिणामों में एनसीपी 25 नगर पंचायतें व 378 सीटें जीतने में सफल रही भाजपा ने 24 नगर पंचायतें व 416 सीटें जीतीं। वहीं शिवसेना 12 नगर पंचायतों के साथ 301 सीटें ही जीत सकी है।
राज्य ब्यूरो, मुंबई। महाराष्ट्र में 106 नगर पंचायतों लिए हुए चुनाव में शिवसेना चौथे स्थान पर आई है, जबकि सभासदों की संख्या के आधार पर भाजपा शीर्ष स्थान पर है। राज्य की 106 नगर पंचायतों के लिए हुए चुनाव के अब तक आए परिणामों में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) 25 नगर पंचायतें एवं 378 सीटें जीतने में सफल रही है, जबकि भाजपा ने 24 नगर पंचायतें एवं 416 सीटें जीतीं। कांग्रेस को 18 नगर पंचायतों के साथ 297 सीटें जीतने में सफलता मिली, वहीं शिवसेना 12 नगर पंचायतों के साथ 301 सीटें ही जीत सकी है। इस प्रकार नगर पंचायतों के आधार पर शिवसेना चौथे स्थान पर एवं सभासदों की संख्या के आधार पर तीसरे स्थान पर रही। पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फड़नवीस ने परिणाम आने के बाद कहा कि फिर सिद्ध हो गया है कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भरोसा करती है । प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने भी कहा है कि इन चुनावों से फिर सिद्ध हो गया है कि भाजपा ही राज्य में सबसे बड़ा राजनीतिक दल है।
गोवा में मिलकर चुनाव लड़ेंगे शिवसेना और राकांपा, कांग्रेस रहेगी बाहर
पणजी, आइएएनएस: महाराष्ट्र में गठबंधन सरकार चला रही शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) गोवा विधानसभा चुनाव मिलकर लडें़गी। हालांकि, उद्धव सरकार में शामिल कांग्रेस गोवा में इस गठबंधन से अलग रहेगी। शिवसेना के राज्यसभा सदस्य संजय राउत और वरिष्ठ राकांपा नेता प्रफुल्ल पटेल ने बुधवार को चुनाव पूर्व गठबंधन की घोषणा की। दोनों नेताओं ने कहा कि गोवा में भी महाराष्ट्र के महाविकास अघाड़ी गठबंधन के तहत मिलकर लड़ने की कोशिश की गई, लेकिन कांग्रेस नेतृत्व की तरफ से सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली। एएनआइ के अनुसार संजय राउत ने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस को लगता है कि गोवा में उसे अपने दम पर बहुमत मिल जाएगा। राउत के कहा कि गोवा में दोनों पार्टियां 10 से 12 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। गठबंधन अगले कुछ दिनों में उम्मीदवारों की घोषणा करेगा। गोवा में 40 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में 14 फरवरी को मतदान होगा।
गोवा में आप ने अमित पालेकर को घोषित किया मुख्यमंत्री पद का चेहरा
पणजी, प्रेट्र : आम आदमी पार्टी (आप) ने गोवा में अमित पालेकर को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है। आप संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद के लिए 46 वर्षीय वकील पालेकर के नाम की घोषणा करते हुए उन्हें गोवा के लिए समर्पित राजनेता बताया। पालेकर सैंटा क्रूज विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। वह कुछ ही दिन पहले ही आम आदमी पार्टी में शामिल हुए हैं। पालेकर भंडारी समाज से आते हैं। केजरीवाल ने पिछले वर्ष वादा किया था कि गोवा में पार्टी का मुख्यमंत्री पद का चेहरा भंडारी समाज से होगा।