शीना हत्या मामले में 23 फरवरी से शुरू हो सकती है गवाही
सीबीआइ के वकील ने सूची देने से मना कर दिया था। उन्होंने कहा था कि इससे गवाहों पर मीडिया का ध्यान जा सकता है।
मुंबई। शीना बोरा हत्या मामले में गवाही दर्ज होने का काम 23 फरवरी से शुरू होने की उम्मीद है। अदालत ने शनिवार को सीबीआइ से बचाव पक्ष के वकील को गवाहों की सूची सौंपने के लिए कहा। सीबीआइ के एक अधिकारी ने कहा, "अदालत ने हमें बचाव पक्ष को 17 फरवरी तक गवाहों की सूची सौंपने को कहा है। हम 23 फरवरी को पहला गवाह पेश कर सकते हैं।"
यह भी पढ़ें- शीना बोरा मर्डर केस : राहुल ने किया पिता पीटर मुखर्जी का बचाव
शनिवार को सुनवाई के दौरान सीबीआइ के वकील ने सूची देने से मना कर दिया था। उन्होंने कहा था कि इससे गवाहों पर मीडिया का ध्यान जा सकता है। विशेष अभियोजक भरत बदामी ने अदालत को यह भी बताया कि पूरी सूची सौंपना गवाहों की सुरक्षा के साथ समझौता भी होगा। इसलिए सीबीआइ बचाव पक्ष को एक बार में एक से दो नाम ही बताएगा।
बचाव पक्ष ने अदालत से जिरह के लिए सूची मुहैया कराने की मांग की थी। अभियोजन ने कहा कि बचाव पक्ष इसे सार्वजनिक नहीं करे। न्यायाधीश एचएस महाजन ने गवाहों की सूची के बारे में अपने चैंबर में सुनवाई की।
यह भी पढ़ें- शीना बोरा हत्याकांड : प्रभावी लोगों ने तीन साल तक दबाए रखा केस