घर टूटने के बाद बोले शत्रुघ्न मुझे निशाना बनाया जा रहा है
मुंबई महानगरपालिका के अधिकारियों का कहना है कि शत्रुघ्न सिन्हा के बंगले में कई अवैध निर्माण किए गए हैं।
मुंबई, राज्य ब्यूरो। मुंबई महानगरपालिका द्वारा अपने बंगले में किया गया अवैध निर्माण तोड़े जाने के बाद अभिनेता-सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि उन्हें उनकी ही पार्टी द्वारा निशाना बनाया जा रहा है। जबकि मुंबई मनपा में सत्ता शिवसेना की है, ना कि भाजपा की।
मनपा अधिकारियों ने सोमवार की रात शत्रुघ्न सिन्हा के जुहू स्थित बंगले में किए गए कुछ अवैध निर्माण को ढहा दिया। बीएमसी ने बिना अनुमति के बनाए गए दो शौचालय ढहाए हैं और एक पूजा घर इस चेतावनी के साथ छोड़ दिया है कि मनपा से अनुमति लेकर उसे कहीं और स्थानांतरित कर दें। इस कार्रवाई के बाद अभिनेता से नेता बने शत्रुघ्न सिन्हा अपनी पार्टी पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि हमने कोई बहुत बड़ा नियमों का उल्लंघन नहीं किया था। बस कुछ छोटे-मोटे परिवर्तन ही किए किए थे। प्रधानमंत्री द्वारा शौचालय की आदत डालने का आह्वान किए जाने के बाद छत पर सिर्फ एक शौचालय बनाया था। यदि वे इसे हटाना चाहते हैं तो उनका स्वागत है।
सिन्हा कहते हैं कि इस कार्रवाई के बाद लोग उनसे पूछ रहे हैं कि क्या उन्हें सरकार के विरुद्ध बोलने का नतीजा भुगतना पड़ रहा है? उनके अनुसार कुछ लोग कह रहे हैं कि ट्वीटर पर दिए गए अपने बयानों के जरिए आपको सच बोलने एवं किसान आंदोलन में यशवंत सिन्हा का साथ देने की कीमत चुकानी पड़ रही है। बता दें कि शत्रुघ्न सिन्हा पिछले कुछ महीनों से अपनी पार्टी एवं सरकार के विरुद्ध बोलते आ रहे हैं। वह कई बार खुलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के विरुद्ध दिए गए उनके बयानों का भी विरोध कर चुके हैं। गुजरात चुनाव के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के उस बयान का भी विरोध किया था, जिसमें उन्हें पाकिस्तान द्वारा गुजरात चुनाव में हस्तक्षेप की बात कही गई थी।
मुंबई महानगरपालिका के अधिकारियों का कहना है कि शत्रुघ्न सिन्हा के बंगले में कई अवैध निर्माण किए गए हैं। इन्हें हटाने के लिए उन्हें पांच जनवरी को एक नोटिस दिया गया था। स्वयं न हटाने पर छह जनवरी को बंगले में अवैध निर्माण ढहाने का आदेश जारी हुआ। ऐसा ही कुछ निर्माण सोमवार शाम ढहाया गया है। जबकि मंदिर को जल्दी ही स्थानांतरित करने की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है।
यह भी पढ़ें: शत्रुघ्न सिन्हा के बंगले पर चला बीएमसी का हथौड़ा