Maharashtra: रायगढ़ के एक प्लांट में जहरीली गैस से सात लोगों की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
महाराष्ट्र के रायगढ़ में स्थित एक प्लांट से जहरीली गैस के कारण सात लोगों के बीमार होने की सूचना मिली है। हाइड्रोजन सल्फाइड जहरीली गैस के कारण इन लोगों की तबीयत बिगड़ गई इन्हें अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है।
मुंबई, एएनआइ। महाराष्ट्र के रायगढ़ ( Raigad) में स्थित एक प्लांट में हाइड्रोजन सल्फाइड जहरीली गैस (Hydrogen Sulphide Gas)के कारण सात लोगों के बीमार हो गए हैं। इन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। इस मामले में अभी अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है। गौरतलब है कि अभी कुछ दिन पहले ही ओडिशा के राउरकेला स्टील प्लांट की एक यूनिट में जहरीली गैस के रिसाव के कारण चार लोगों की मौत हो गई थी और छह लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए थे।
राउरकेला स्टील प्लांट के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटना स्थल पर सिर्फ चार मजदूर मौजूद थे जिनकी मौत हुई थी। इस मामले में कार्रवाई करते हुए प्लांट के दो वरिष्ठ अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया था। ये हादसा जहरीली कार्बन मोनो ऑक्साइड गैस के रिसाव के कारण हुआ था। हादसे में मरने वाले चारों मजदूर स्टील प्लांट के कोल केमिकल डिपार्टमेंट में मेंटेनेंस का काम कर रहे थे। हादसा सुबह 7 बजकर 30 मिनट पर हुआ था , हालांकि गैस रिसाव का कारण पता नहीं चल पाया था। इस दुखद घटना के उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए गए थे। इस हादसे में बेहोश हुए श्रमिकों को भी तुरंत इलाज के लिए राउरकेला के इस्पात अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
हादसे में मरने वालों की पहचान गणेश चंद्र पेला (59), अभिमन्यु साहू (33), रवींद्र साहू (59) और ब्रह्मानंद पांडा (51) के रूप में हुई। ये सभी श्रमिक ठेके पर रखे गए थे। ठेकेदार का कहना था कि मौके पर श्रमिकों की सुरक्षा के लिए मास्क समेत कई जरूरी इंतजाम किए गए थे लेकिन लगता है श्रमिकों ने उनका प्रयोग नहीं किया था।