Coronavirus: कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण संभाजीनगर में स्कूल, कॉलेज व मैरिज हॉल रहेंगे बंद
Coronavirus महाराष्ट्र के मंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण 11 मार्च से चार अप्रैल तक संभाजीनगर में रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक पाबंदी लगाई गई है। इस अवधि के दौरान स्कूल व कॉलेज व मैरिज हॉल बंद रहेंगे।
मुंबई, एएनआइ। Coronavirus: महाराष्ट्र के मंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को कहा कि कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण 11 मार्च से चार अप्रैल तक संभाजीनगर (औरंगाबाद) में रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक पाबंदी लगाई गई है। इस अवधि के दौरान स्कूल व कॉलेज व मैरिज हॉल बंद रहेंगे। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में कोरोना महामारी की स्थिति एक बार फिर गंभीर रूप लेने लगी है। राज्य में करीब पांच महीने बाद एक दिन में 10 हजार से ज्यादा नए मामले मिले हैं। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक राज्य में कोरोना महामारी के चलते मरने वालों की संख्या बढ़कर 52,393 हो गई है। महाराष्ट्र समेत कुछ अन्य राज्यों में बढ़ते मामलों से देश में संक्रमितों का कुल आंकड़ा एक करोड़ 12 लाख के करीब पहुंच गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में सक्रिय मामलों में बढ़ोतरी हो रही है।
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने देर रात को मुंबई में बताया कि 17 अक्टूबर, 2020 के बाद पहली बार राज्य में एक दिन में 10 हजार से ज्यादा (10,216) नए केस मिले हैं। पिछले साल 17 अक्टूबर को कुल 10,259 नए मामले सामने आए थे। महाराष्ट्र में बुधवार को 9,855 और गुरुवार को 8,998 नए मामले सामने आए थे। अधिकारियों ने बताया कि मुंबई में 1,174, पुणे में 849 और नागपुर में 1,225 नए मामले पाए गए हैं। महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में 53 और लोगों की संक्रमण से मौत हुई है जिसके साथ ही राज्य में कोरोना महामारी के चलते मरने वालों की संख्या बढ़कर 52,393 हो गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले एक महीने के दौरान केरल, उत्तर प्रदेश, बंगाल, छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु में सबसे ज्यादा सक्रिय मामले कम हुए हैं जबकि महाराष्ट्र, पंजाब, मध्य प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में सबसे ज्याद सक्रिय मामलों की संख्या बढ़ी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एक हजार से कम सक्रिय मामले हैं। इनमें से अरुणाचल प्रदेश में सिर्फ दो सक्रिय मामले रह गए हैं। देश में समग्र संक्रमण की दर में गिरावट जारी है।