विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

साहिल के माता-पिता का अनशन जारी, प्रशासन की ओर से किसी ने नहीं किया संपर्क

Published: Tue, 29 Sep 2026 07:51 PM (IST)

आईआईटी मुंबई के छात्र साहिल वाकोड़े की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर उसके माता-पिता का अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा।

साहिल के माता-पिता का अनशन जारी। (पीटीईआई)

साहिल के माता-पिता का अनशन जारी। (पीटीईआई)

HighLights

  1. आईआईटी मुंबई छात्र साहिल वाकोड़े के माता-पिता का अनशन जारी।

  2. वे प्रोफेसर और निदेशक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

  3. केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।

राज्य ब्यूरो,मुंबई। आईआईटी मुंबई के छात्र साहिल वाकोड़े की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर उसके माता-पिता का अनशन मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा।

दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में धरने पर बैठे रवींद्र और सोनाली वाकोड़े का आरोप है कि अब तक सरकार या प्रशासन की ओर से कोई भी प्रतिनिधि उनसे मिलने नहीं पहुंचा है। इस बीच केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने फोन पर साहिल के माता-पिता से बात कर उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।

फंदे से लटका मिला साहिल का शव

महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के रहने वाले साहिल (22) आईआईटी मुंबई में बीटेक द्वितीय वर्ष का छात्र था। 18 सितंबर की शाम उसका शव संस्थान के छात्रावास स्थित कमरे में फंदे से लटका मिला था। उसी दिन मध्यावधि परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन से चैटजीपीटी का इस्तेमाल कर उत्तर हासिल करने के कथित प्रयास में वह पकड़ा गया था।

उसके माता-पिता का आरोप है कि साहिल ने संस्थान में जातिगत भेदभाव की शिकायत भी की थी। साहिल के माता-पिता ने मामले में आरोपित प्रोफेसर सूर्यनारायण दूल्ला और आईआईटी मुंबई के निदेशक शीरीष केदारे की गिरफ्तारी की मांग की है।

दूल्ला और केदारे की गिरफ्तारी तक अनशन जारी रहेगा- रवींद्र वाकोड़े

पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में दर्ज प्राथमिकी में प्रोफेसर दूल्ला का नाम शामिल किया है। दूल्ला को फिलहाल अवकाश पर भेज दिया गया है। साहिल के पिता रवींद्र वाकोड़े ने सोमवार शाम कहा था कि जब तक दूल्ला और केदारे की गिरफ्तारी नहीं होती, उनका अनशन जारी रहेगा।

उनके वकील निखिल कांबले ने मंगलवार को बताया कि अभी तक सरकार की ओर से किसी ने साहिल के माता-पिता से संपर्क नहीं किया है, ना ही आईआईटी द्वारा गठित 10 सदस्यीय जांच समिति की ओर से।

केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने आज फोन पर साहिल के माता-पिता को न्याय दिलाने का भरोसा दिया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उधर, मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की जांच कर रही है।