Move to Jagran APP

Mumbai Rain: मुंबई में बारिश का 46 साल का रिकॉर्ड टूटा

Mumbai Rain मुंबई में पिछले चार दिनों से हो रही लगातार भारी बारिश ने पिछले 46 वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। दक्षिण मुंबई में 330 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Published: Thu, 06 Aug 2020 09:10 PM (IST)Updated: Thu, 06 Aug 2020 11:04 PM (IST)
Mumbai Rain: मुंबई में बारिश का 46 साल का रिकॉर्ड टूटा
Mumbai Rain: मुंबई में बारिश का 46 साल का रिकॉर्ड टूटा

राज्य ब्यूरो, मुंबई। Mumbai Rain:  मुंबई महानगर में पिछले चार दिनों से हो रही लगातार बारिश ने बुधवार को पिछले 46 वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बुधवार सुबह से गुरुवार सुबह तक दक्षिण मुंबई में 330 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। अगस्त में 24 घंटे में 46 वर्ष बाद इतनी बारिश हुई है। गुरुवार को तेज बारिश के कारण दक्षिण मुंबई के पैडर रोड पर पहाड़ी धसकने से यातायात एवं जलापूर्ति दोनों प्रभावित हुए हैं। दक्षिण मुंबई के महालक्ष्मी मंदिर चौराहे से गिरगांव चौपाटी की ओर जाने वाले मार्ग पर गुरुवार तड़के पहाड़ी धंसकने से मुंबई का हृदय कहे जाने वाले इस इलाके का यातायात ठप पड़ गया। इसके कारण दक्षिण मुंबई में पानी की आपूर्ति करने वाले पाइप भी टूट गए और जलापूर्ति ठप पड़ गई।

loksabha election banner

सुबह होते ही दक्षिण मुंबई के सांसद अरविंद सावंत, मुंबई महानगरपालिका के आयुक्त इकबाल सिंह चहल एवं महापौर किशोरी पेडणेकर ने इस इलाके का दौरा किया। प्रभावित इलाके में जाकर लौटे नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फड़नवीस ने पत्रकारों को बताया कि मलबे से सड़क पट जाने के कारण यातायात बिल्कुल ठप पड़ गया है। स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर एवं रिलायंस उद्योग समूह के चेयरमैन मुकेश अंबानी सहित देश की कई महत्त्वपूर्ण हस्तियां इसी क्षेत्र में रहती हैं। मुंबई में पिछले तीन दिनों के पहाड़ी धंसकने की यह दूसरी बड़ी घटना है। दो दिन पहले कांदीवली इलाके में वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे भी पहाड़ी धसकने से जाम हो गया था।

पिछले 36 घंटों से तेज हवा के साथ हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने के कारण घरों और वाहनों का नुकसान हो चुका है। भीषण बारिश से जलभराव की स्थिति यह है कि न सिर्फ लोकल ट्रेनें व उपनगरीय बसें रुक गई हैं, बल्कि कई इलाकों में खिड़कियों और दरवाजों के रास्ते लोगों के घरों में पानी भर गया है। दक्षिण मुंबई के कुलाबा, चर्चगेट आदि इलाकों में कभी जल भराव नहीं देखा जाता था। इस बार ये इलाके भी डूबते नजर आ रहे हैं। मुंबई में रक्षा बंधन के दिन नारियल पूर्णिमा मनाकर मछुवारे मछलियां पकड़ने निकल पड़ते हैं।

इस बार भी परंपरानुसार समुद्र में निकले 16 मछुवारे तेज बारिश में फंस गए थे। जिन्हें कोस्टगार्ड के जवान सुरक्षित तटों तक ले आए। मुंबई के अलावा कोल्हापुर और सांगली में भी बारिश का दौर जारी है। जिसके कारण उस क्षेत्र की नदियां उफान पर हैं। अगले दो दिनों में भारी बारिश की आशंका जताई जा रही है। जिसके कारण पूरे महाराष्ट्र अलग-अलग इलाकों में एनडीआरएफ की 16 टीमें तैनात की गई हैं।  


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.