'किन्नर' बनकर सिर पर हाथ रखा, पानी छिड़का और फिर... मुंबई में एयरहोस्टेस के साथ दरिंदगी की पूरी कहानी
मुंबई में किन्नर का वेश धारण कर आरोपी ने 25 वर्षीय एयरहोस्टेस के साथ बलात्कार की वारदात को अंजाम दिया।

मुंबई में एयरहोस्टेस के साथ दरिंदगी की पूरी कहानी
HighLights
आरोपी ने खुद को किन्नर बताकर घर में की एंट्री।
25 वर्षीय एयरहोस्टेस के फ्लैट में वारदात।
बीमार पति को ठीक करने का नाटक।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई में 25 वर्षीय एयरहोस्टेस के साथ बलात्कार का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को किन्नर बताकर और महिला के बीमार पति को काले जादू से ठीक करने का झांसा देकर उसके फ्लैट में प्रवेश किया।
पुलिस ने आरोपी की पहचान 28 वर्षीय अनिल शिंदे के रूप में की है, जिसे एफआईआर दर्ज होने के महज चार घंटे के भीतर कलवा की एक झुग्गी से गिरफ्तार कर लिया गया।
झांसा देकर घर में प्रवेश कर वारदात को दिया अंजाम
पुलिस के अनुसार, यह वारदात मंगलवार दोपहर 12:20 से 12:50 बजे के बीच हुई। आरोपी अनिल शिंदे किन्नर के वेश में सुरक्षा गार्ड का भरोसा जीतकर इमारत में दाखिल हुआ और कई दरवाजे खटखटाए।
तीसरी मंजिल पर जब पीड़ित महिला ने दरवाजा खोला, तो आरोपी ने दावा किया कि वह बुरी नजर उतार सकता है और अस्पताल में भर्ती उसके पति को ठीक कर सकता है।
पीड़िता की शिकायत के अनुसार, आरोपी ने उस पर पानी छिड़का और उसके सिर पर हाथ रखकर उसके साथ यौन उत्पीड़न किया। महिला ने आरोप लगाया कि जब उसने शोर मचाया, तो आरोपी उससे 200 रुपये लेकर फरार हो गया, जो महिला ने सम्मोहन के प्रभाव में आकर दिए थे।
100 से अधिक CCTV कैमरों की मदद से गिरफ्तारी
महिला द्वारा मंगलवार रात करीब 11 बजे शिकायत दर्ज कराने के बाद, पुलिस उपायुक्त दत्ता नलवडे के मार्गदर्शन में वरिष्ठ निरीक्षक ए.एस. सावंत, निरीक्षक सुशांत बंदगर और उप-निरीक्षक संदीप पाटिल की टीम का गठन किया गया।
पुलिस ने पवई से कलवा तक के रास्ते पर 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और आरोपी की आवाजाही को ट्रैक कर उसे तड़के गिरफ्तार कर लिया।
किन्नर बनकर भीख मांगने का करता है काम
पुलिस ने आरोपी अनिल शिंदे को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ दुष्कर्म तथा आपराधिक धमकी की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में काले जादू और अंधविश्वास विरोधी कानून के प्रावधान भी जोड़े जाने की संभावना है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसका परिवार किन्नर बनकर भीख मांगने का काम करता है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या वह पहले भी इस तरह के अपराधों में शामिल रहा है।
यह भी पढ़ें- महिला से बना दिया 'किन्नर', आधार कार्ड की एक गलती बेटी की 'पहचान' पर भारी; जेंडर गलत होने से एडमिशन भी अटका
