Lockdown: प्रवासियों पर विशेष डाक टिकट जारी कर उन्हें सम्मान देगा डाक विभाग
Lockdown. मुंबई क्षेत्र की पोस्ट मास्टर जनरल स्वाती पांडे कहती हैं कि पिछले कई दिनों से वह उन प्रवासियों का संघर्ष मुंबई में देखती आ रही हैं।
ओमप्रकाश तिवारी, मुंबई। Lockdown. मुंबई की झुग्गी बस्तियों में कुछ प्रवासी भूखे सो रहे हैं। कुछ श्रमिक विशेष ट्रेनों की कतार में खड़े दिखाई दे रहे हैं। कुछ ट्रेन की पटरियों पर सोकर स्वर्ग सिधार चुके हैं। तो किसी की पत्नी चिलचिलाती धूप में अपना शिशु जनने के आधे घंटे बाद ही पुनः उसे लेकर चल पड़ने को मजबूर है। अपना खून-पसीना जलाकर मुंबई और इसके जैसे न जाने कितने महानगरों के कंगूरों की नीव बनने वाले मुंबई के प्रवासियों को सम्मान देने जा रहा है डाक विभाग। यह सम्मान मंगलवार को मुंबई प्रवासियों पर विशेष डाक टिकट जारी करके दिया जाएगा।
मुंबई क्षेत्र की पोस्ट मास्टर जनरल स्वाती पांडे कहती हैं कि पिछले कई दिनों से वह उन प्रवासियों का संघर्ष मुंबई में देखती आ रही हैं। उनकी बुरी दशा के बारे में अखबारों में पढ़ती आ रही हैं। ये वही लोग हैं, जिन्होंने इस शहर को बनाने में बड़ी भूमिका अदा की है। देश की अर्थव्यवस्था में उनका बहुत बड़ा योगदान है। दूसरी ओर, आज ऐसी स्थिति आ गई है कि वे इस शहर को अपना मान ही नहीं पा रहे हैं। तो मैंने सोचा कि क्यों न हम खुद इन प्रवासियों के योगदान को चिन्हित करते हुए विशेष डाक टिकट जारी कर उनका सम्मान करें।
स्वाती पांडे बताती हैं कि स्वयं क्वारंटाइन में रहते हुए उन्होंने यह विशेष डाक टिकट जारी करने की योजना बनाई और यह प्रस्ताव चीफ पोस्ट मास्टर जनरल, महाराष्ट्र एवं गोवा हरीश चंद्र अग्रवाल के पास स्वीकृति के लिए भेजा। अग्रवाल ने इसे तुरंत स्वीकृति प्रदान कर दी। बुधवार को सुबह 11 बजे यह विशेष डाक टिकट हरीश चंद्र अग्रवाल के ही हाथों मुंबई जीपीओ के ऐतिहासिक द्विशताब्दी हॉल में जारी किया जाएगा।
स्वाती पांडे कहती हैं कि मुंबई में ये प्रवासी उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल आदि राज्यों से आकर इस शहर के लोगों की जिंदगी को सुगम बनाने का काम करते हैं। टैक्सी-ऑटो ड्राइवर हों, निर्माण कार्य में लगे श्रमिक हों, झवेरी बाजार के आभूषण डिजाइनर हों अथवा फिल्म निर्माण उद्योग में तमाम कार्यों में सहायक की भूमिका निभाने वाले। इन सभी की भूमिकाओं को नजरंदाज नहीं किया जा सकता। 15 रुपये मूल्य वाले इस विशेष डाक टिकट पर इन सभी क्षेत्रों में काम करनेवाले श्रमिक प्रवासियों के चित्र नजर आएंगे।
सामान्य तौर पर निजी संस्थाओं द्वारा भी किसी विशेष अवसर पर डाक टिकट जारी करने का आग्रह किया भी जाता है, एवं कुछ निश्चित प्रक्रियाओं के तहत यह किया भी जाता है, लेकिन डाक विभाग अपनी ओर से विशेष डाक टिकट जारी करने का निर्णय कभी-कभी ही लेता है।