'परिवार को करना चाहता था इंप्रेस', मुंबई में मोदी के कार्यक्रम में सुरक्षा में सेंध लगाने वाले व्यक्ति को लेकर पुलिस का खुलासा
मुंबई में पीएम मोदी के कार्यक्रम से पहले सुरक्षा में सेंध लगाने वाले रोहन पारेख को गिरफ्तार किया गया है। ...और पढ़ें

मुंबई में पीएम मोदी की सुरक्षा में चूक को लेकर बड़ा खुलासा।
HighLights
रोहन पारेख ने पीएम मोदी के कार्यक्रम में सुरक्षा में सेंध लगाई।
परिवार को प्रभावित करने के लिए बनाया फर्जी पीएमओ पहचान पत्र।
बॉडीगार्ड दिलीप कुंडे भी गिरफ्तार, एसपीजी का दावा झूठा निकला।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुंबई के कार्यक्रम से पहले सुरक्षा में सेंध लगाने वाले 24 साल के युवक को लेकर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस का कहना है कि जियो वर्ल्ड प्लाजा में सुरक्षा में सेंध लगाने वाले युवक ने अपने परिवार को प्रभावित करने के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय वाला एक फर्जी पहचान पत्र बनाया था।
प्रधानमंत्री को अगले दिन जियो वर्ल्ड सेंटर में 7वें ग्लोबल फिनटेक फेस्ट को संबोधित करना था। मामले में पुलिस ने रोहन पारेख और उसके बॉडीगार्ड दिलीप कुंडे को गिरफ्तार किया है। पारेख ने अपने हथियारबंद बॉडीगार्ड को बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित जियो वर्ल्ड प्लाजा में अंदर ले जाने के लिए आइडेंटिटी कार्ड दिखाया था। उसकी यह चाल काम नहीं आई और बॉडीगार्ड को रोक लिया गया क्योंकि उसके पास हथियार था।
'परिवार को प्रभावित करना चाहता था पारेख'
बीकेसी पुलिस ने सोमवार रात खार में 12वें रोड पर स्थित पारेख के घर से उसे हिरासत में लिया। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "हमें लगता है कि वह नकली पहचान पत्र बनाकर अपने परिवार को प्रभावित करना चाहता था। उसके परिवार की एक बड़ी स्टॉक ब्रोकिंग फर्म है, जिसका ऑफिस वर्ली के पूनम चैंबर्स में है।"
पारेख के दावे में कितनी सच्चाई?
पारेख का दावा है कि उसे यह पहचान पत्र एक ऐसे व्यक्ति ने दिया था जिसने खुद को केंद्र सरकार का अधिकारी बताया था। इस मामले की जांच कर रही क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी ने कहा, "उसने दावा किया कि तरुण कपूर नाम के एक व्यक्ति ने उससे संपर्क किया था और पूछा था कि क्या वह रक्षा नीति पर काम करेगा। हमें तरुण कपूर का कोई ईमेल या व्हाट्सएप पर हुई कोई बातचीत नहीं मिली है, जैसा कि पारेख ने दावा किया है।"
पुलिस ने कहा कि कुंडे का यह दावा झूठा है कि वह वीवीआईपी सुरक्षा के लिए जिम्मेदार स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) का हिस्सा थे। पुलिस अधिकारी ने कहा, "एसपीजी को पारेख का पहचान पत्र और उसके बॉडीगार्ड के एसपीजी के साथ काम करने का दावा, दोनों ही नकली लगे।"
पारेख ने जियो वर्ल्ड प्लाजा में की शॉपिंग
अधिकारी ने बताया कि पारेख के पास लंदन की सिटी सेंट जॉर्ज यूनिवर्सिटी से गणित और फाइनेंस में बैचलर ऑफ साइंस की डिग्री है। उसने यूके के ब्लंडेल स्कूल में भी पढ़ाई की है। उसने अपने परिवार की स्टॉक ब्रोकिंग फर्म में एग्जीक्यूटिव के तौर पर काम किया है।
सोमवार को पारेख ने जियो वर्ल्ड प्लाजा में खरीदारी करते हुए 7 लाख रुपये खर्च किए। अधिकारी ने बताया, "उसने 5.5 लाख रुपये का हैंडबैग और 1.5 लाख रुपये का वॉलेट खरीदा, जो हमें लगता है कि उन्होंने अपनी मंगेतर के लिए खरीदा था।"
