दिल्ली के लिए रवाना हुई जेट एयरवेज की फ्लाइट में मचा हडकंप, मिला धमकी भरा पत्र
फिलहाल धमकाने वाली यह हरकत करने वाले शख्स की पहचान हो गई है और उसने अपना अपराध भी कबूल कर लिया है।
नई दिल्ली। मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना हुए जेट एयरवेज के विमान में उस वक्त हड़कंप मच गया जब इसकी अहमदाबाद में इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी। यह लैंडिंग विमान के टॉयलेट में मिले एक धमकी भरे पत्र के बरामद होने के बाद करवाई गई। सूत्रों के अनुसार इस विमान में 7 क्रू मेंबर्स के अलावा 115 यात्री सवार थे। फिलहाल धमकाने वाली यह हरकत करने वाले शख्स की पहचान हो गई है और उसने अपना अपराध भी कबूल कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार फ्लाइट को रविवार आधी रात के बाद मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना किया गया था। मगर यात्रा के दौरान एक एयर होस्टेस जब वॉशरूम में गईं तो वहां एक लेटर मिला। यह लेटर उर्दू और अंग्रेजी में था। जिसमें लिखा गया था कि फ्लाइट में हाइजैकर्स और विस्फोटक हैं। इसे दिल्ली की बजाय पीओके ले जाया जाएगा। एयर होस्टेस ने तुरंत इसकी जानकारी पायलट को दी और फिर यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया गया।
यह भी पढ़ें: रेलवे पांच साल में देगा दस लाख नौकरियां: गोयल