महाराष्ट्र में एटीएम कियोस्क के अंदर वॉकी-टॉकी छुपाकर महिला से 2.9 लाख रुपये की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक शातिर अपराधी ने एटीएम कियोस्क में वॉकी-टॉकी छिपाकर एक महिला से ₹2.9 लाख की धोखाधड़ी की।

एटीएम कियोस्क के अंदर वॉकी-टॉकी छुपाकर महिला से ठगी। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
HighLights
पालघर में एटीएम कियोस्क में वॉकी-टॉकी से धोखाधड़ी।
महिला से ₹2.9 लाख ठगे गए, आरोपी जितेंद्र पाल गिरफ्तार।
पुलिस ने ₹2.6 लाख और इस्तेमाल वॉकी-टॉकी बरामद किया।
डिजिटल डेस्क, पालघर। महाराष्ट्र के पालघर जिले से एटीएम धोखाधड़ी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक शातिर अपराधी ने एटीएम कियोस्क के भीतर वॉकी-टॉकी छुपाकर एक महिला को झांसा दिया और उसके खाते से ₹2.9 लाख उड़ा लिए।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ठाणे निवासी आरोपित जितेन्द्र रामदेव पाल को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से ₹2.6 लाख रुपये तथा घटना में इस्तेमाल वॉकी-टॉकी बरामद कर लिया है।
यह घटना 14 सितंबर को पालघर जिले के बोइसर स्थित शिवाजी नगर के एक एटीएम केंद्र पर हुई। पीड़िता समीरा मुशर्रफ खान ने एटीएम से 27,000 रुपये निकाले, जिसके बाद उनका डेबिट कार्ड मशीन के अंदर ही फंस गया। जैसे ही महिला ने कार्ड निकालने की कोशिश की, वहां रखे वॉकी-टॉकी से एक आवाज सुनाई दी कि उसे सुरक्षा कैमरे के जरिए देखा जा रहा है।
आवाज ने उसे कार्ड जबरन बाहर न निकालने की सलाह दी और 'कैंसिल' व 'एंटर' बटन दबाते हुए तीन बार अपना पिन दर्ज करने को कहा। इसके बाद आरोपित ने एटीएम कियोस्क में घुसकर पीड़िता को यह कहकर वहां से जाने के लिए राजी कर लिया कि तकनीशियन अगले दिन उसका कार्ड लौटा देंगे। महिला के जाते ही उसके खाते से 2.9 लाख रुपये निकल गए।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि उसने एटीएम के अंदर एक वॉकी-टॉकी छिपा रखा था, जिसके जरिए वह महिला को निर्देश दे रहा था।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
