महाराष्ट्र में 'ऑपरेशन टाइगर' फेल? उद्धव की बैठक में शामिल हुए पार्टी के सभी 9 सांसद
उद्धव ठाकरे ने पाला बदलने की अटकलों के बीच अपने लोकसभा सांसदों की बैठक बुलाई, जिसमें सभी नौ सांसद व्यक्तिगत ...और पढ़ें

उद्धव की बैठक में शामिल हुए पार्टी के सभी 9 सांसद। (आईएएनएस)
HighLights
उद्धव ठाकरे ने लोकसभा सांसदों की अहम बैठक बुलाई।
सभी नौ सांसद व्यक्तिगत या वर्चुअली बैठक में शामिल।
संजय राउत ने पार्टी सांसदों की एकजुटता की पुष्टि की।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। शिवसेना (यूबीटी) सांसदों के पाला बदलने की अटकलों के बीच पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने रविवार को अपने लोकसभा सांसदों की बैठक बुलाई। इस बैठक में सभी नौ सांसद या तो ऑनलाइन या व्यक्तिगत रूप से शामिल हुए। बैठक के बाद पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने कहा कि सभी सांसद मजबूती से पार्टी के साथ खड़े हैं।
उन्होंने बताया कि चार सांसद व्यक्तिगत रूप से बैठक में शामिल हुए, जबकि चार अन्य वर्चुअली मौजूद रहे और एक सांसद ने ठाकरे से फोन पर बात की। यह बैठक दोपहर में बांद्रा ईस्ट इलाके में ठाकरे के आवास मातोश्री पर हुई। इसे इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि ऐसी चर्चा है कि ऑपरेशन टाइगर के तहत कुछ सांसद महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सत्ताधारी शिवसेना में शामिल हो सकते हैं।
कौन-कौन हुआ बैठक में शामिल?
इंटरनेट मीडिया पोस्ट में राउत ने बताया कि चार सांसद अनिल देसाई, अरविंद सावंत और संजय पाटिल के साथ ही राजाभाऊ वाजे बैठक में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि चार अन्य सांसद ओमप्रकाश राजे निंबालकर, भाऊसाहेब वाकचौरे, नागेश बापूराव पाटिल अष्टिकर और संजय देशमुख वर्चुअली बैठक में शामिल हुए, जबकि सांसद संजय जाधव ने ठाकरे से फोन पर बात की।
राउत ने बताया कि पार्टी विधायक आदित्य ठाकरे भी बैठक में मौजूद थे। उन्होंने कहा कि सभी सांसद मजबूती से एकजुट हैं और वफादारी के साथ शिवसेना (यूबीटी) के साथ खड़े हैं। अब हमें उम्मीद है कि अफवाहों का दौर बंद हो जाएगा।
बैठक में ऑनलाइन शामिल हुए चार सांसद
बैठक में शामिल एक सांसद ने बताया कि निंबालकर ऑनलाइन बैठक में शामिल हुए क्योंकि उनके बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि वाकचौरे हैदराबाद में हैं। वह वहां अस्पताल में भर्ती अपनी पत्नी की देखभाल कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जाधव जो पहले पार्टी की बैठकों में शामिल नहीं हो पाए थे, वे भी किसी जरूरी काम में व्यस्त थे। देशमुख ने भी ऐसी ही वजह बताई और बैठक में वर्चुअली शामिल हुए। वहीं अष्टिकर पाटिल अपने बेटे के विधान परिषद चुनाव में व्यस्त थे।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
