Coronavirus: मुंबई में एक अप्रैल, 2020 से होगा समाचार पत्रों का प्रकाशन और वितरण
Coronavirus मुंबई में एक अप्रैल 2020 से समाचार पत्रों का प्रकाशन और वितरण किया जाएगा। वर्तमान में यहां समाचार पत्रों का मुद्रण और वितरण रुका हुआ है।
मुंबई, एएनआइ। Coronavirus: कोरोना वायरस को लेकर महाराष्ट्र में बुधवार को उद्योग मंत्री सुभाष देसाई ने बुधवार को समाचार पत्र, फेरीवालों व प्रकाशकों की बुलाई गई। इसमें निर्णय लिया गया कि मुंबई में एक अप्रैल, 2020 से समाचार पत्रों का प्रकाशन और वितरण किया जाएगा। वर्तमान में यहां समाचार पत्रों का मुद्रण और वितरण रुका हुआ है।
प्रधानमंत्री द्वारा 21 दिन के राष्ट्रव्यापी लॉक डाउन की घोषणा के बाद बुधवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने माहौल को थोड़ा हल्का बनाते हुए राज्य के लोगों को घर में रहते हुए अपने ‘होम मिनिस्टर’ (पत्नी) की बात सुनने की सलाह दी है।
मुख्यमंत्री ठाकरे दोपहर महाराष्ट्र के प्रमुख पर्व गुढ़ी पाड़वा की शुभकामना देने के बहाने राज्य के लोगों को संबोधित फेसबुक लाइव के जरिए संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मैं आज कोई गंभीर घोषणा करने के लिए नहीं आया हूं। सिर्फ गुढ़ी पाड़वा की शुभकामनाएं देने आया हूं, और यह कहना चाहता हूं कि यदि आप घर से बाहर निकलेंगे, तो कोरोना नामक शत्रु आपके घर में आ जाएगा। इसलिए आप अपने घर पर ही रहें। जैसे मैं घर में रहकर मिसेज मुख्यमंत्री की सुन रहा हूं, वैसे ही आप घर में रहकर अपने होम मिनिस्टर की सुनिए।
उद्धव ने कहा कि हर साल हम लोग गुढ़ी पाड़वा का पर्व बढ़े धूमधाम से मनाते हैं। पूरा महाराष्ट्र भगवा ध्वज से पट जाता है। हम इस बार भी यह पर्व मनाएंगे। लेकिन कोरोना नाम के संकट पर विजय पाने के बाद।
इस अवसर पर उद्धव ने लोगों को आश्वस्त किया कि राज्य में किसी वस्तु की कमी नहीं होने दी जाएगी। किसी भी जीवनावश्यक वस्तु की दुकानें बंद नहीं होंगी। दूध, दवाखाने, फल, सब्जी इत्यादि की दुकानें खुली रहेंगी। वहां कोई भी बिना भीड़ भाड़ किए जाकर अपनी जरूरत की वस्तुएं खरीद सकता है।
उद्धव ने एक बार फिर उद्योग जगत से आह्वान किया कि वह अपने दैनिक कर्मचारियों के वेतन में कोई कटौती न करें। अपने कारखाने बंद न करें। मानवधर्म का पालन करें। उद्धव ने एक अस्पताल तैयार करने की घोषणा करनेवाले रिलायंस समहू सहित ऐसे लोगों की तारीफ की, जो इस संकट के समय में समाज की मदद में आगे आ रहे हैं।