महाराष्ट्र: नालासोपारा में बर्थडे पार्टी में बिगड़ी सात बच्चों समेत 11 की तबीयत, केक में थी मरी छिपकली
नालासोपारा में एक जन्मदिन पार्टी में केक खाने से 7 बच्चों और 4 महिलाओं सहित 11 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए।

(यह फोटो एआई की मदद से बनाई गई है)
HighLights
जन्मदिन पार्टी में केक खाने से 11 लोग बीमार।
बच्चों ने केक में मरी हुई छिपकली का दावा किया।
पुलिस ने केक के सैंपल जब्त कर जांच शुरू की।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। महाराष्ट्र के नालासोपारा में जन्मदिन की खुशियां उस समय अफरा-तफरी में बदल गईं, जब केक खाने से 7 मासूम बच्चों और 4 महिलाओं समेत 11 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए।
इस मामले में हैरान करने वाली बात यह है कि बच्चों ने केक के अंदर एक मरी हुई छिपकली मिलने का दावा किया है। फिलहाल सभी का इलाज अस्पताल में जारी है।
शॉप से खरीदा केक, खाने के बाद हुए बीमार
यह घटना नालासोपारा ईस्ट के टाकीपाड़ा स्थित नीलकंठेश्वर बिल्डिंग की है, जहां एक 25 वर्षीय महिला का जन्मदिन मनाया जा रहा था। शनिवार शाम करीब 6 बजे पड़ोस के बच्चे महिला के लिए लोकल दुकान से केक खरीदकर लाए थे।
जश्न के दौरान सभी ने केक खाया। लेकिन कुछ ही देर में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। पीड़ितों को सीने में तेज जलन और उल्टी की शिकायत होने पर तुरंत पास के विजयलक्ष्मी अस्पताल पहुंचाया गया।
केक में मरी हुई छिपकली होने का दावा
अस्पताल में भर्ती 11 लोगों में से तीन बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में रखा गया है। अस्पताल की डॉ. विद्या सावंत ने जानकारी दी कि इलाज करा रहे सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है।
बच्चों ने ही डॉक्टरों को केक में मरी हुई छिपकली होने की बात बताई।
शॉप से लिए गए सैंपल, जांच शुरू
मामले की सूचना मिलते ही तुलिंज पुलिस अस्पताल पहुंची और घटना का संज्ञान लिया। पुलिस ने संबंधित केक शॉप से सैंपल ज़ब्त कर जांच के लिए भेज दिए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही फूड पॉइज़निंग के सही कारणों का खुलासा होगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
