विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारी बारिश के कारण मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे बंद, मावल में लैंडस्लाइड के बाद लापता परिवार का रेस्क्यू जारी

Published: Mon, 06 Jul 2026 09:45 AM (GMT+05:30)Updated: Mon, 06 Jul 2026 09:48 AM (GMT+05:30)

Mumbai-Pune Highway and Expressway: भारी बारिश के कारण हुए लैंडस्लाइड के चलते मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और नेशनल हाईवे दोनों को बंद कर दिया गया है।

HighLights

  1. मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर खंडाला के पास भूस्खलन

  2. भारी बारिश के कारण एक्सप्रेसवे और नेशनल हाईवे बंद

  3. पुणे के मावल में भूस्खलन, फंसे परिवार का रेस्क्यू

डिजिटल डेस्क, मुंबई। Mumbai Pune Expressway Closed: लगातार हो रही बारिश के कारण मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे वे मिसिंग लिंक सेक्शन में खंडाला एग्जिट के पास लैंडस्लाइड हुआ है। भारी बारिश के कारण हुए लैंडस्लाइड के चलते पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे और मुंबई-पुणे नेशनल हाईवे बंद है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अगले आदेश तक पुणे-मुंबई या मुंबई-पुणे की यात्रा बिल्कुल न करें। अगर बहुत जरूरी है तो प्रशासन द्वारा दिए गए यातायाता निर्देशों के मुताबिक ही निकलें।

mumbai pune

दरअसल, भारी बारिश से हुए लैंडस्लाइड ने घाट खंड में वाहनों की आवाजाही को बुरी तरह बाधित कर दिया था। स्थिति को देखते हुए महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (एमएसआरडीसी) ने सोमवार तड़के करीब 3.30 बजे मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और पुराने मुंबई-पुणे राष्ट्रीय राजमार्ग दोनों पर दोनों दिशाओं में यातायात को पूरी तरह रोक दिया।

कब तक बंद रहेंगे रास्ते?

एमएसआरडीसी के अधिकारियों के अनुसार, भूस्खलन का मलबा साफ होने तक रास्ते बंद रहेंगे। एक अधिकारी ने बताया, "मुंबई में तेज बारिश लगातार हो रही है और भूस्खलन का मलबा हटाने में तीन से पांच घंटे लग सकते हैं। इस बीच, पुणे की ओर जाने वाली सुरंग के रास्ते यातायात को डायवर्ट करने के प्रयास जारी हैं।"

mumbai pune (4)

अधिकारी ने आगे कहा, "हम यातायात को डायवर्ट कर रहे हैं, लेकिन प्रभावित मार्ग को दोबारा खोलने से पहले खलापुर टोल प्लाजा के पास का पानी उतरना जरूरी है। डायवर्जन मार्ग पर वाहन धीमी गति से चल रहे हैं।"

बता दें कि मिसिंग लिंक सुरंग के पास हुए लैंडस्लाइड और पाताल गंगा नदी में बाढ़ आने से कई स्थानों पर जलभराव हो गया, जिसके चलते एमएसआरडीसी ने एहतियात के तौर पर खलापुर टोल प्लाजा के पास प्रभावित क्षेत्र को बंद कर दिया।

पुणे के मावल में लैंडस्लाइड से मकान गिरा

पुणे में सोमवार सुबह पाटन के एक छोटे और सुदूर गांव में भूस्खलन हुआ, जिससे एक घर मलबे में दब गया। इस मलबे में एक पूरा परिवार नीचे दबा हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही रेस्क्यू का काम शुरू हो गया है। स्थानीय अधिकारी निवासियों का पता लगाने के लिए तेजी से प्रयास कर रहे हैं।

mumbai pune (2)

पुणे स्थित जिला सूचना कार्यालय के अनुसार, पुणे में तैनात पांचवीं बटालियन की 30 सदस्यीय विशेष टीम को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया। इस अभियान का नेतृत्व इंस्पेक्टर रविंदर कर रहे हैं और वे सहायक कमांडेंट चंद्रकेतु शर्मा के सीधे मार्गदर्शन में काम कर रहे हैं। टीम में दो वरिष्ठ अधिकारी और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में प्रशिक्षित 27 कर्मी शामिल हैं।

घटनास्थल पर बचाव अभियान पूरी तेजी से चल रहा है। अधिकारियों ने बताया है कि परिवार के मलबे के नीचे फंसे होने की आशंका है, लेकिन फिलहाल किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

प्रशासन प्रभावित लोगों तक पहुंचने के लिए भूस्खलन के मलबे को जल्द से जल्द हटाने पर पूरा ध्यान केंद्रित कर रहा है। मावल क्षेत्र में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच एनडीआरएफ के निरंतर प्रयासों के चलते आगे की जानकारी मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- भारी बारिश के बाद मुंबई-पुणे रेल रूट पर लैंडस्लाइड, कई ट्रेनें रद; अश्विनी वैष्णव ने की स्थिति की समीक्षा

यह भी पढ़ें- मुंबई में भारी बारिश के बीच बहुमंजिला चॉल गिरने से 6 लोगों की मौत, 1 घायल