विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कांग्रेस दफ्तर से छात्रों को हिरासत में लेने का आरोप, मुंबई पुलिस ने आरोपों को किया खारिज; कहा-कोई गिरफ्तारी नहीं हुई

Published: Tue, 06 Oct 2026 05:20 AM (IST)

महाराष्ट्र कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने दादर स्थित तिलक भवन में घुसकर आदिवासी छात्रों और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ...और पढ़ें

मुंबई कांग्रेस मुख्यालय में पुलिस कार्रवाई पर विवाद

मुंबई कांग्रेस मुख्यालय में पुलिस कार्रवाई पर विवाद

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, मुंबई। महाराष्ट्र कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि सोमवार आधी रात पुलिस ने मुंबई के दादर स्थित पार्टी मुख्यालय तिलक भवन में जबरन घुसकर नासिक से आए आदिवासी छात्रों और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने उनको तत्काल रिहा नहीं किए जाने पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सरकारी आवास 'वर्षा' का घेराव करने की चेतावनी दी है। हालांकि, मुंबई पुलिस ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया है।

पुलिस उपायुक्त मनीष कलवानिया ने कहा कि तिलक भवन से किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल के आवास लोक भवन की ओर मार्च करने का आह्वान किया था। लोक भवन जाने की तैयारी कर रहे प्रदर्शनकारियों को अलग-अलग स्थानों से हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

जबकि कांग्रेस के मुताबिक, आदिवासी छात्र पिछले 10 दिनों से छात्रवृत्ति, आश्रम स्कूलों और छात्रावासों में मूलभूत सुविधाओं समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।

नासिक से पैदल और बसों के जरिये मुंबई पहुंचे छात्रों ने आजाद मैदान में प्रदर्शन की योजना बनाई थी और रात में तिलक भवन में रुके थे। सपकाल ने आरोप लगाया कि रात में पुलिस कांग्रेस कार्यालय में घुसी, छात्रों को धमकाया और कुछ को हिरासत में ले लिया

'छात्रों के साथ खड़ी है कांग्रेस'

पीटीआई के अनुसार, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि वह और कांग्रेस महाराष्ट्र के छात्रों के साथ खड़े हैं। उनकी मांगों को लेकर एक इंच भी पीछे नहीं हटेंगे। राज्य के छात्र फडणवीस सरकार की शिक्षा व्यवस्था और अन्याय से त्रस्त हैं।