स्टेशन पर आग लगने से थमी मुंबई लोकल की रफ्तार, 5 घंटे तक फंसे रहे यात्री पटरियों पर चलने को मजबूर
कांजुरमार्ग स्टेशन के पास आग लगने से मुंबई लोकल ट्रेन सेवा बुरी तरह प्रभावित हुई, जिससे हजारों यात्री पांच घंटे से अधिक समय तक फंसे रहे।

स्टेशन पर आग लगने से थमी मुंबई लोकल की रफ्तार।
HighLights
कांजुरमार्ग स्टेशन के पास आग से लोकल ट्रेनें प्रभावित।
पांच घंटे से अधिक समय तक यात्री फंसे रहे।
सिग्नल और ओवरहेड वायर खराबी से यातायात बाधित।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई की परिवहन व्यवस्था की रीढ़ मानी जाने वाली लोकल ट्रेन सेवा आज बुरी तरह प्रभावित हुई। कांजुरमार्ग स्टेशन के पास सुबह 10 बजे आग लगने के कारण कई ट्रेनें रुक गईं और यात्री पांच घंटे से ज्यादा समय तक फंसे रहे।
आग लगने की वजह से ठाणे और विक्रोली के बीच सिग्नल सिस्टम ठप हो गया। इससे पहले मुलुंड और ठाणे के बीच ओवरहेड वायर में तकनीकी खराबी भी आ गई थी, जिससे हालात और बिगड़ गए।
सप्ताह के पहले दिन फंसे यात्री
सप्ताह के पहले दिन काम पर जाने के लिए निकले सेंट्रल रेलवे के यात्री फंस गए। अप और डाउन, दोनों दिशाओं में स्लो और फास्ट लाइनों पर सिग्नल न मिलने के कारण ट्रेनें नहीं चल पा रही थीं और यात्रियों की लंबी कतारें लग गईं। घंटों के इंतजार के बाद भी जब ट्रेनें नहीं चलीं, तो कोई यात्री अपनी जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पर उतर आए और अगले स्टेशन की ओर पैदल चलने लगे।
रेलवे प्रशासन मरम्मत का काम कर रहा है। केबल बदलने में करीब चार घंटे लग सकते हैं, ऐसे में सेंट्रल रेलवे की यातायात व्यवस्था के पूरी तरह सामान्य होने में देर रात तक का समय लग सकता है।
मुंबई में रेलवे की यह समस्या ऐसे समय में आई है, जब सेंट्रल रेलवे ने मेंटेनेंस के लिए एक दिन पहले ही 'मेगा ब्लॉक' लिया था। इससे नाराज यात्री सोच रहे हैं कि आखिर अगले ही दिन इतनी बड़ी तकनीकी खराबी कैसे हो गई।
