विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंबई के समुद्र तट पर दिखेंगे 'तैरते विज्ञापन', महाराष्ट्र सरकार के फैसले पर छिड़ा विवाद

Published: Fri, 30 Oct 2026 04:30 PM (IST)

महाराष्ट्र मैरीटाइम बोर्ड मुंबई के तटों पर करीब 20 स्थानों पर तैरते विज्ञापन और होर्डिंग लगाने की योजना बना रहा है।

मुंबई के समुद्र तटों पर तैरेंगे विज्ञापन (फोटो-सोशल मीडिया)

मुंबई के समुद्र तटों पर तैरेंगे विज्ञापन (फोटो-सोशल मीडिया)

HighLights

  1. महाराष्ट्र मैरीटाइम बोर्ड की तैरते विज्ञापन की योजना।

  2. मुंबई के 20 तटों पर लगेंगे विज्ञापन और होर्डिंग।

  3. राजस्व जुटाने का लक्ष्य, समुद्री सुंदरता पर चिंता।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई का तट सिर्फ समुद्र का किनारा नहीं, बल्कि वहां रहने वाले लोगों के लिए सुकून पाने, समुद्री हवा का आनंद लेने और शहर की भागदौड़ से दूर कुछ पल बिताने की जगह है।

क्वींस नेकलेस' से लेकर बांद्रा के प्रोमेनेड और जुहू बीच तक, यहां की हवा में लोग सुकून के पल ढूंढने आते हैं। लेकिन इस जाने-पहचाने नजारे में जल्द ही एक नई चीज जुड़ सकती है और वो है- पानी पर तैरते विज्ञापन।

मुंबई में पानी पर तैरेंगे विज्ञापन

महाराष्ट्र मैरीटाइम बोर्ड की योजना मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन में करीब 20 जगहों पर विज्ञापन वाली बजरा (बड़ी नावें) और होर्डिंग लगाने की अनुमति देने की है। बोर्ड ने इन विज्ञापनों को लगाने और उनका प्रबंधन करने के लिए एजेंसियों को बोलियां (बिड्स) लगाने के लिए इनविटेशन भी भेजा है।

मुंबई के समुद्री तट पर लगने वाले कुछ विज्ञापन समुद्र में तैरती नावों पर होंगे, वहीं कुछ समुद्र तटों और जेटी (घाटों) के पास पारंपरिक होर्डिंग के रूप में लगाए जाएंगे।

मैरीटाइम बोर्ड ने जिन जगहों का प्रस्ताव रखा है, उनमें जुहू बीच, कार्टर रोड, मार्वे जेटी, लोटस जेटी और वर्ली में बांद्रा-वर्ली सी लिंक जेटी शामिल हैं।

समुद्री विज्ञापनों की आलोचना

मैरीटाइम बोर्ड के इस प्रस्ताव की सोशल मीडिया यूजर्स और राजनीतिक नेताओं ने आलोचना की है। उनका तर्क है कि इन विज्ञापनों से मुंबई के मशहूर समुद्री नजारे खराब हो सकते हैं और तट का स्वरूप बदल सकता है।

महाराष्ट्र मैरीटाइम बोर्ड ने इस प्रस्ताव को लाने के पीछे का उद्देश्य अतिरिक्त राजस्व जुटाना बताया है, जिसका इस्तेमाल बंदरगाह सुविधाओं के रखरखाव और जल परिवहन परियोजनाओं के लिए किया जा सकता है।

इस प्रस्तावित व्यवस्था के तहत, चुनी गई एजेंसियों को विज्ञापन अधिकार दिए जाएंगे, जिसके बदले में उन्हें ये विज्ञापन लगाने और उनका रखरखाव करने की अनुमति होगी।

यह भी पढ़ें- किताब विमोचन के मौके पर एक मंच पर आए फडणवीस और ठाकरे ब्रदर्स, एक-दूसरे पर जमकर कसे तंज