विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंबई में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन पर FIR, आयोजक समेत 500 अज्ञात लोगों पर केस

Published: Sat, 03 Oct 2026 08:41 PM (IST)

मुंबई पुलिस ने शिवाजी पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के 2 अक्टूबर के विरोध प्रदर्शन के आयोजकों और लगभग 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

सीजेपी प्रदर्शनकारियों के विरुद्ध मामला दर्ज।

सीजेपी प्रदर्शनकारियों के विरुद्ध मामला दर्ज।

HighLights

  1. मुंबई पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन पर एफआईआर दर्ज की।

  2. आयोजकों और लगभग 500 अज्ञात लोगों पर गैरकानूनी सभा का मामला।

  3. केंद्रीय मंत्री आठवले ने अभिजीत दीपके के आपत्तिजनक बयानों की कड़ी निंदा की।

राज्य ब्यूरो, मुंबई। शिवाजी पार्क में दो अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ओर से आयोजित विरोध प्रदर्शन को लेकर मुंबई पुलिस ने आयोजकों और करीब 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

शिवाजी पार्क पुलिस थाने के एक अधिकारी के अनुसार, स्थानीय नागरिक की शिकायत के आधार पर यह मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने गैरकानूनी सभा, लोक सेवक के वैध आदेश की जानबूझकर अवज्ञा समेत अन्य धाराओं में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज

पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग शिवाजी पार्क में एकत्र हुए थे। शिकायत और उपलब्ध जानकारी के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस प्रदर्शन के आयोजकों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

सीजेपी ने अपने संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में दो अक्टूबर को शिवाजी पार्क में प्रदर्शन किया था। पार्टी की ओर से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई थी। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए थे।

आठवले ने अभिजीत दीपके के बयानों की आलोचना की

इधर, केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) के नेता रामदास आठवले ने शनिवार को अभिजीत दीपके के बयानों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि दीपके ने डॉ. बीआर आंबेडकर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं। आठवले ने दीपके से ऐसे बयान बंद करने और संबंधित टिप्पणियों के लिए माफी मांगने को कहा।

आठवले के अनुसार, दीपके ने कथित तौर पर कहा था कि देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने डॉ. आंबेडकर को प्रसिद्धि दिलाई थी। उन्होंने कहा कि आंबेडकर ने संविधान के माध्यम से देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया। आठवले ने दीपके पर इतिहास की जानकारी के बिना बयान देने का आरोप लगाया।

आरपीआई नेता ने कहा कि दीपके को छात्रों और युवाओं का समर्थन प्राप्त है। उन्हें इस समर्थन का इस्तेमाल रचनात्मक कार्यों में करना चाहिए, ना कि प्रतिष्ठित व्यक्तियों और निर्वाचित प्रतिनिधियों के खिलाफ कथित अनुचित टिप्पणियां करने में। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री फडणवीस के बारे में की गई टिप्पणियां भी उचित नहीं हैं।