विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विग पहनकर और 3 नाम बदलकर की 30 करोड़ की ठगी, मुंबई EOW ने गुजरात से ठग को गिरफ्तार किया

Published: Mon, 14 Sep 2026 10:38 PM (IST)

मुंबई ईओडब्ल्यू ने गुजरात से एक 56 वर्षीय ठग रोशन भूषण सेठ को गिरफ्तार किया है, जिसने विग पहनकर और ...और पढ़ें

30 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोपी गिरफ्तार (यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।)

30 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोपी गिरफ्तार (यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।)

HighLights

  1. मुंबई EOW ने गुजरात से 56 वर्षीय ठग को पकड़ा

  2. विग पहनकर और तीन नाम बदलकर की 30 करोड़ की ठगी

  3. आरोपी ने 42 निवेशकों को 5% मुनाफे का लालच दिया

पीटीआई, मुंबई। गुजरात से 56 साल के एक ठग को गिरफ्तार किया गया है। उस पर आरोप है कि उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए विग पहनी और तीन अलग-अलग नामों का इस्तेमाल किया। उसने शेयर बाजार घोटाले के जरिये निवेशकों से 30 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की थी।

आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) के अधिकारी ने बताया कि आरोपित रोशन भूषण सेठ ने इस धोखाधड़ी से मिले पैसों से आलीशान फ्लैट, महंगी कारें और महंगी घड़ियां खरीदीं और शानदार जिंदगी जी। उसने महाराष्ट्र और गुजरात में 42 लोगों को निवेश पर हर महीने पांच प्रतिशत मुनाफे का लालच देकर ठगा।

एक अधिकारी के अनुसार, ईओडब्ल्यू ने सेठ को जुलाई में गुजरात के वलसाड की एक रिहायशी इमारत से गिरफ्तार किया।

जांच एजेंसी के अनुसार, सेठ ने निवेशकों को फर्जी मुनाफा विवरण दिखाया और उन्हें भरोसा दिलाया कि उनके पैसे का शेयर बाजार में निवेश किया गया है। कुल मूल निवेश लगभग पांच करोड़ रुपये है, लेकिन कुल नुकसान लगभग 30.26 करोड़ रुपये है।

यह धोखाधड़ी तब सामने आई जब कांदिवली के रहने वाले संजय हीरालाल शाह ने अप्रैल में मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती से संपर्क किया और आरोप लगाया कि उनके परिवार के साथ 10.81 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी हुई है।

जांच में पता चला कि सेठ ने 2020 में ‘इन्वेस्टाक’ नामक ट्रेडिंग एप बनाने के बहाने शाह के साफ्टवेयर इंजीनियर बेटे से दोस्ती की थी। आरोप है कि उसने परिवार को भारी निवेश करने के लिए मनाया और अन्य निवेशकों को भी लुभाने के लिए इसी तरह का तरीका अपनाया।

तकनीकी निगरानी के बाद ईओडब्ल्यू की एक टीम ने सेठ को वलसाड की एक आवासीय इमारत में खोज निकाला। अधिकारियों ने तीन दिन तक निगरानी रखी और सफाई कर्मचारियों का भेष बनाकर उसके फ्लैट में प्रवेश करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।

युवावस्था में वह जयेश हसमुखभाई शाह के नाम से रहा था। दिल्ली में रहने के दौरान वह राहुल अतुलभाई पारेख के नाम से रहा था। मुंबई में रोशन भूषण सेठ के नाम से जाना जाता था। पुलिस ने एक बीएमडब्ल्यू, एक मर्सिडीज, एक महिंद्रा थार, 14 महंगी घड़ियां, 1.67 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण और 17 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं।