मुंबई: शिवाजी पार्क में CJP के प्रोटेस्ट में आए बुजुर्ग को पड़ा दिल का दौरा, अस्पताल में तोड़ा दम
मुंबई के शिवाजी पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन के दौरान 75 वर्षीय बुजुर्ग गोपालकृष्ण सुब्बैया पिल्लई की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई।

मुंबई में सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान एक बुजुर्ग की मौत।
HighLights
मुंबई के शिवाजी पार्क में विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई घटना।
75 वर्षीय गोपालकृष्ण सुब्बैया पिल्लई की दिल का दौरा पड़ने से मौत।
तेज धूप और भीड़ के कारण तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में निधन।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई के शिवाजी पार्क में शुक्रवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन के दौरान एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई।
यहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे धरने में शामिल होने आए 75 वर्षीय बुजुर्ग की अचानक दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान ठाणे के रहने वाले गोपालकृष्ण सुब्बैया पिल्लई के रूप में हुई है।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे मांग के लिए विरोध प्रदर्शन
बता दें कि 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) ने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण में कथित गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर शिवाजी पार्क में प्रदर्शन बुलाया था।
तेज धूप पर भीड़ के बीच उठा सीने में दर्द
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पिल्लई शाम करीब 4:30 बजे प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे थे। तेज धूप और भीड़ के बीच, शाम 5 बजे के करीब उनके सीने में तेज दर्द उठा।
हालत बिगड़ती देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और उनके साथियों ने उन्हें तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गौरतलब है कि बिना पुलिस अनुमति के आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में लोग जुटे हुए थे, जहां इस दुखद घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई है।
