मुंबई में भारी बारिश का कहर: 1 घंटे तक रनवे बंद, इंडिगो की 4 उड़ानें रद और 13 डायवर्ट
मुंबई में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर एक घंटे के लिए रनवे परिचालन रोकना पड़ा। ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण रविवार को मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर रनवे का परिचालन एक घंटे के लिए रोकना पड़ा। सूत्रों के अनुसार, इस रुकावट के चलते इंडिगो की चार उड़ानें रद कर दी गईं और विभिन्न एयरलाइंस के 13 विमानों को नजदीकी हवाईअड्डों की डायवर्ट करना पड़ा।
हालांकि, खराब मौसम के कारण डायवर्ट किए गए ये 13 विमान बाद में वापस मुंबई लौट आए।
एक घंटे के लिए रनवे परिचालन ठप
अदानी ग्रुप और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के संयुक्त स्वामित्व वाले मुंबई हवाईअड्डे ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि सुबह लगभग 10:17 बजे मौसम अचानक खराब हो गया। 42 नॉट्स तक की तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण विजिबिलिटी काफी कम हो गई, जिसका सीधा असर रनवे के संचालन पर पड़ा।
प्राइवेट एयरपोर्ट ऑपरेटर ने बताया कि यात्रियों, विमानों और ग्राउंड स्टाफ की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए रनवे के संचालन को अस्थायी रूप से निलंबित किया गया था। मौसम में सुधार होने के बाद लगभग एक घंटे बाद सामान्य परिचालन फिर से शुरू कर दिया गया।
90% उड़ानें लेट होने से यात्रियों को भारी परेशानी
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट flightradar24.com के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, इस दौरान यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, 90 प्रतिशत उड़ानें औसतन 65 मिनट की देरी से रवाना हो रही थीं। 45 प्रतिशत आने वाली उड़ानें मुंबई एयरपोर्ट पर देरी से पहुंच रही थीं।
सूत्रों के मुताबिक, खराब मौसम के कारण इंडिगो की जो चार उड़ानें 6E 395 (दिल्ली से मुंबई), 6E 5273 (मुंबई से इंदौर), 6E 552 (इंदौर से मुंबई), 6E 6613 (मुंबई से दिल्ली) रद की गईं हैं।
इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि दिल्ली और मुंबई में खराब मौसम के कारण उड़ानों का शेड्यूल प्रभावित हुआ है। हम मौसम पर कड़ी नजर रख रहे हैं। हम आपसे अनुरोध करते हैं कि आप अपनी उड़ान की स्थिति से अपडेट रहें। हालांकि, एयरलाइन ने अपने पोस्ट में इन चार उड़ानों के रद्द होने का सीधा जिक्र नहीं किया था।
मुंबई एयरपोर्ट का भारी एयर ट्रैफिक
एयर ट्रैफिक कंट्रोल के सूत्रों के अनुसार, मुंबई हवाईअड्डा देश के सबसे व्यस्त हवाईअड्डों में से एक है। यह प्रतिदिन लगभग 980 से 1,000 उड़ानों को संभालता है। यहां प्रति घंटे औसतन 48 विमानों की आवाजाही होती है, जिसमें 24 विमान आते हैं और 24 विमान प्रस्थान करते हैं।
