विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंबई के फ्लैट से मिले दो भाइयों और बहन के शव, वीडियो रिकॉर्ड कर निगला था जहर

Published: Thu, 29 Oct 2026 02:49 PM (IST)

पालघर के विरार में एक किराए के फ्लैट से तीन अविवाहित भाई-बहनों के शव संदिग्ध हालत में बरामद हुए हैं। ...और पढ़ें

(AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)

(AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. पालघर के विरार में तीन भाई-बहनों के शव मिले।

  2. वित्तीय संकट और बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या का शक।

  3. जान देने से पहले गुजराती में वीडियो रिकॉर्ड किया।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के पालघर जिले के पश्चिमी विरार इलाके से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहां ग्लोबल सिटी इलाके में एक किराए के फ्लैट के अंदर तीन अविवाहित सगे भाई-बहनों के शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुए हैं। पुलिस को शक है कि तीनों ने जहर खाकर अपनी जान दी है।

मृतकों की पहचान 52 वर्षीय दिपेश मेहता, 50 वर्षीय कुमार मेहता और 48 वर्षीय खेवाना मेहता के रूप में हुई है। ये तीनों विरार पश्चिम के ग्लोबल सिटी स्थित 'गार्डन एवेन्यू' सोसाइटी के डी-विंग के फ्लैट नंबर 1203 में किराए पर रहते थे।

कैसे हुआ खुलासा?

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार तड़के जब फ्लैट से तेज दुर्गंध आने लगी, तो आसपास के लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। बोलिंज पुलिस मौके पर पहुंची और गुरुवार को लगभग ढाई बजे जब दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर तीनों के शव सड़ी-गली हालत में पड़े मिले।

बीमारी और पैसों की तंगी से थे परेशान

पुलिस के मुताबिक, ये तीनों भाई-बहन साल 2025 से इस किराए के फ्लैट में रह रहे थे। इनमें से एक भाई पैरालिसिस की बीमारी से पीड़ित था, जबकि दूसरे भाई का कैंसर का इलाज चल रहा था। शुरुआती जांच में पता चला है कि परिवार भारी वित्तीय संकट और गंभीर बीमारियों से जूझ रहा था।

जान देने से पहले बनाया वीडियो

बता दें कि खौफनाक कदम उठाने से पहले तीनों भाई-बहनों ने गुजराती भाषा में एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। इस वीडियो में उन्होंने अपनी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं और आर्थिक तंगी का दर्द बयां किया है।

बोलिंज पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक प्रकाश कावले ने बताया कि ऐसा अनुमान है कि पुलिस के पहुंचने से 3-4 दिन पहले ही उनकी मौत हो चुकी होगी। फिलहाल तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

बहन से भी मांगे थे पैसे

गौरतलब है कि मामले में पुलिस ने मृतकों की एक अन्य बहन से संपर्क किया है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि उनके तीनों भाई-बहन बहुत बुरे आर्थिक दौर से गुजर रहे थे और उन्होंने मदद के लिए उनसे भी पैसे मांगे थे। पुलिस फिलहाल मामले की हर एंगल से गहराई से जांच कर रही है।