MPSC पेपर लीक मामले में SIT का बड़ा एक्शन, असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर गिरफ्तार
महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) की ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में एसआईटी ने एक असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर (एएसओ) को गिरफ्तार किया है।

एमपीएससी ड्रग इंस्पेक्टर पेपर लीक मामले में एएसओ गिरफ्तार

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) की ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) ने शुक्रवार को असिस्टेंट सेक्शन आफिसर (एएसओ) को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही मामले में गिरफ्तार लोगों की संख्या 13 हो गई है।
अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए एमपीएससी के एएसओ रोहित कोलटक्के ने कथित तौर पर आयोग के अवर सचिव अभिजीत लेंडवे से गोपनीय प्रश्नपत्र सेट हासिल किए थे। अभिजीत को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इससे पहले प्रश्नपत्र अभ्यर्थियों तक पहुंचाने में कथित तौर पर मध्यस्थ की भूमिका निभाने वाले मयूर ठाकरे को 12 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था।
यह मामला 22 मार्च को राज्य के छह केंद्रों पर आयोजित परीक्षा से जुड़ा है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के तहत ‘ड्रग इंस्पेक्टर, समूह-बी’ के 154 पदों के लिए यह परीक्षा आयोजित की गई थी।
जांच में सामने आया कि प्रश्नपत्रों के सेट कथित तौर पर एमपीएससी से अवैध रूप से निकाले गए और आर्थिक लाभ के लिए उनका लेनदेन किया गया। इससे चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता प्रभावित हुई।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
