Maharashtra: मुंबई में पत्नी से कहा-कोरोना हो गया है बचूंगा नहीं, इंदौर में मिला प्रेमिका के साथ
Missing youth from Mumbai मुंबई में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी से कहा कि उसे कोरोना हो गया है। इसके बाद वह लापता हो गया। पुलिस ने उसे इंदौर में प्रेमिका के साथ पकड़ा है।
मुंबई, एएनआइ। Missing youth from Mumbai: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी से कहा कि उसे कोरोना हो गया है। इसके बाद वह 24 जुलाई को नवी मुंबई के वाशी से लापता हो गया। पुलिस के मुताबिक, वह अपनी प्रेमिका के साथ मध्य प्रदेश के इंदौर में रह रहा था। नवी मुंबई की पुलिस ने एक विवाहित युवक मनीष मिश्रा को इंदौर से हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, वह नवी मुंबई के तलोजा में रहता है। मनीष 24 जुलाई को काम पर जाने के लिए घर से निकला था। उसी रात करीब 10:30 बजे उसने पत्नी को फोन कर बताया कि उसे कोरोना हो गया है। मनीष ने कहा कि कोरोना की वजह से अब उसके बचने की उम्मीद नहीं है। इतना कहकर मनीष ने मोबाइल बंद कर दिया था। इसके बाद उसकी बाइक वाशी के सेक्टर-17 में खाड़ी पुल के पास मिली थी। साथ में वॉलेट और बैग भी मिला था। इससे आशंका जताई जा रही थी कि उसने आत्महत्या की है।
परिजनों ने 25 जुलाई 2020 को मुंबई के वाशी पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट दर्ज कराई। जब पुलिस ने उसके मोबाइल की लोकेशन को ट्रेस किया तो वह इंदौर के भंवरकुआं इलाके में होने की खबर मिली। यहां उसकी प्रेमिका का घर है। मुंबई पुलिस यहां पहुंची और मनीष को हिरासत में ले लिया।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में कोरोना का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। वीरवार को कोरोना के 24619 नए मामले सामने आए और 398 मौतें हुईं हैं। राज्य स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, प्रदेश में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 11,45,840 हो गई, जिसमें 8,12,354 रिकवर, 3,01,752 सक्रिय मामले और 31,351 मौतें शामिल हैं। इस बीच, मुंबई में कोरोना के 2,389 नए मामले सामने आए और 43 मौतें हुईं। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के मुताबिक, मुंबई में संक्रमित मामलों की कुल संख्या बढ़कर 1,78,275 हो गई, जिसमें 32,849 सक्रिय मामले, 1,36,739 रिकवर मामले और 8,320 मौतें शामिल हैं।