विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिंदे गुट की ठाणे महिला आघाड़ी प्रमुख ने पद छोड़ा, उद्धव गुट के पदाधिकारी की हत्या का लगा आरोप

Published: Thu, 29 Oct 2026 09:05 PM (IST)

ठाणे की पूर्व महापौर मीनाक्षी शिंदे ने शिवसेना (यूबीटी) पदाधिकारी प्रदीप पूर्णेकर हत्याकांड में पुलिस पूछताछ के बाद पार्टी पद से इस्तीफा दे दिया है।

मीनाक्षी शिंदे ने पार्टी पद से इस्तीफा दिया।

मीनाक्षी शिंदे ने पार्टी पद से इस्तीफा दिया।

HighLights

  1. मीनाक्षी शिंदे ने पार्टी पद से इस्तीफा दिया।

  2. प्रदीप पूर्णेकर हत्याकांड में पुलिस ने पूछताछ की थी।

  3. विपक्ष के आरोपों से पार्टी को बचाने का कदम।

राज्य ब्यूरो, मुंबई। शिवसेना (यूबीटी) के पदाधिकारी प्रदीप पूर्णेकर की हत्या के मामले में पुलिस की पूछताछ के दो दिन बाद ठाणे की पूर्व महापौर और शिवसेना नेता मीनाक्षी शिंदे ने गुरुवार को पार्टी के ठाणे जिला महिला आघाड़ी प्रमुख के पद से इस्तीफा दे दिया।

उन्होंने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे को पत्र लिखकर अपने फैसले की जानकारी दी। मीनाक्षी ने स्पष्ट किया कि उन्होंने यह कदम नाराजगी में नहीं, बल्कि पार्टी की प्रतिष्ठा बचाने और नेतृत्व को विपक्ष के निशाने पर आने से रोकने के लिए उठाया है।

प्रदीप पूर्णेकर की 29 सितंबर को हुई हत्या के बाद से ही मीनाक्षी शिंदे और उनके पति राजेंद्र शिंदे विपक्षी महाविकास आघाड़ी (एमवीए) के निशाने पर हैं। विपक्षी दलों और मृतक के स्वजन ने हत्या की साजिश रचने में शिंदे दंपती की कथित भूमिका को लेकर लगातार सवाल उठाए हैं। हालांकि, मीनाक्षी और उनके पति इन आरोपों को खारिज करते रहे हैं।

मीनाक्षी शिंदे का इस्तीफा ऐसे समय आया है, जब इस हत्याकांड को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप तेज हैं। विपक्ष इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है। वहीं, मृतक के स्वजन भी लगातार न्याय की मांग उठा रहे हैं।

ठाणे पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआइटी) इस हत्याकांड की जांच कर रही है। पुलिस अब तक पांच संदिग्धों को गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन हत्या के पीछे का वास्तविक मकसद अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पूर्णेकर शहर में शिवसेना (यूबीटी) के मानपाड़ा विभाग प्रमुख थे।

मंगलवार को एसआइटी ने मीनाक्षी शिंदे से भी पूछताछ की थी। इसके बाद बुधवार को एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने प्रेसवार्ता में कहा कि जांच के दौरान जिन-जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उन सभी की भूमिका की गहनता से पड़ताल की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है। महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ शिवसेना और विपक्षी शिवसेना (यूबीटी) के बीच लंबे समय से राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता रही है। प्रदीप पूर्णेकर हत्याकांड ने इस टकराव को और बढ़ा दिया है।