मनोज जरांगे से जुड़े 500 करोड़ के लेन-देन की होगी जांच, सीएम फडणवीस ने दिए SIT गठन के निर्देश
शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने मनोज जरांगे पाटिल से जुड़े 500 करोड़ रुपये के कथित लेन-देन की ईडी जांच की मांग की है।

मनोज जरांगे से जुड़े 500 करोड़ के लेन-देन की होगी जांच। (एएनआई)
HighLights
संजय राउत ने 500 करोड़ के लेन-देन की ईडी जांच मांगी।
उपमुख्यमंत्री शिंदे और जरांगे ने आरोपों को नकारा।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने SIT जांच के निर्देश दिए।
राज्य ब्यूरो, मुंबई। मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटिल से जुड़े 500 करोड़ रुपये के कथित लेन-देन के मामले में शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर इस मामले की जांच ईडी से कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि यदि इतनी बड़ी रकम जरांगे तक नहीं पहुंची तो यह पता लगाया जाना चाहिए कि पैसा किसने दिया, कहां से आया और आखिर कहां गया। उन्होंने अपने पत्र में कहा कि जारी ऑडियो क्लिप में कथित तौर पर दावा किया गया है कि उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे और शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे के माध्यम से जरांगे को 500 करोड़ रुपये दिए गए।
राउत ने ईडी से जांच की मांग की
हालांकि, एकनाथ शिंदे और श्रीकांत शिंदे ने ऐसे किसी भी भुगतान के आरोपों को खारिज किया है। जरांगे ने भी किसी प्रकार की रकम लेने से इनकार किया है। राउत ने कहा कि इस मामले की जांच केवल आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने इसे मनी लॉन्ड्रिंग का गंभीर मामला बताते हुए महाराष्ट्र पुलिस और ईडी से जल्द जांच कराने की मांग की।
भाजपा का राउत पर पलटवार
इस विवाद में भाजपा ने शनिवार को राउत पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया था कि उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के एजेंडे को आगे बढ़ाने और सत्ताधारी गठबंधन में दरार पैदा करने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से फर्जी ऑडियो क्लिप तैयार की।
उधर, जरांगे ने आरोप लगाया है कि उन्हें और मराठा आरक्षण आंदोलन को बदनाम करने के लिए साजिश रची गई तथा इसमें पार्टी फंड का इस्तेमाल हुआ है।
सीएम फडणवीस ने दिए SIT जांच के निर्देश
मामले में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस कमिश्नर को SIT गठित कर जांच के निर्देश दिए हैं।
