विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गंगोत्री-गोमुख ट्रेक पर हादसा, 130 मीटर गहरी खाई में गिरा महाराष्ट्र का पर्यटक; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Published: Sat, 26 Sep 2026 11:42 PM (IST)

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गंगोत्री-गोमुख ट्रेक पर महाराष्ट्र के 65 वर्षीय पर्यटक राम कुमार हनुमान गुप्ता 130 मीटर गहरी खाई में गिरकर लापता हो गए हैं।

महाराष्ट्र का पर्यटक 130 मीटर गहरी खाई में गिरा

महाराष्ट्र का पर्यटक 130 मीटर गहरी खाई में गिरा

HighLights

  1. महाराष्ट्र के पर्यटक राम कुमार गंगोत्री-गोमुख ट्रेक पर खाई में गिरे।

  2. 130 मीटर गहरी खाई में गिरने के बाद से लापता, तलाश जारी।

  3. खराब मौसम के कारण बचाव कार्य में बाधा, चारधाम यात्रा रुकी।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गंगोत्री-गोमुख ट्रेकिंग रूट पर एक बड़ा हादसा हो गया। महाराष्ट्र के रहने वाले 65 वर्षीय पर्यटक राम कुमार हनुमान गुप्ता कछीडांग के पास अचानक फिसलकर करीब 130 मीटर गहरी खाई में गिर गए।

घटना के बाद से ही वे लापता हैं और खराब मौसम के बावजूद लगातार दूसरे दिन भी उनकी तलाश में खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

पैर फिसलने पर खाई में गिरे

जिला आपातकालीन संचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के पांच पर्यटकों का एक दल 25 सितंबर को गंगोत्री से गोमुख की ट्रेकिंग पर निकला था। दोपहर करीब 2:30 बजे चिरबासा के आगे कछीडांग के पास अचानक राम कुमार का पैर फिसल गया और वे सीधे गहरी खाई में जा गिरे।

खराब मौसम बना बचाव कार्य में बाधा

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस, वन विभाग और स्थानीय पोर्टरों की 18 सदस्यीय संयुक्त टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया। शनिवार को टीमों ने कछीडांग, चिरबासा, देवगढ़ खाले और राम मंदिर के पास नदी के किनारों पर दूर-दूर तक खोजबीन की।

हालांकि, इलाके में हो रही मूसलाधार बारिश और घने कोहरे के कारण रेस्क्यू टीमों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। देर शाम तक लापता पर्यटक का कोई सुराग नहीं लग सका था।

चारधाम यात्रा पर रोक, रेड अलर्ट जारी

मौसम विभाग द्वारा क्षेत्र में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। एहतियात के तौर पर हीना और डोबाटा होल्डिंग पॉइंट्स पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा को फिलहाल रोक दिया गया है।

प्रशासन ने एनएच, बीआरओ और पीडब्ल्यूडी की टीमों को अलर्ट मोड पर रखा है ताकि बारिश या भूस्खलन से बंद होने वाली सड़कों को तुरंत साफ किया जा सके।