विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महाराष्ट्र: ठाणे में बालकनी और बाहरी दीवार का हिस्सा गिरने से एक व्यक्ति घायल

Published: Fri, 23 Oct 2026 04:14 PM (IST)

महाराष्ट्र के ठाणे शहर के कलवा इलाके में एक चाल की बालकनी और बाहरी दीवार का हिस्सा गिरने से एक व्यक्ति घायल हो गया।

हादसे की प्रतिकात्मक तस्वीर।

हादसे की प्रतिकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. ठाणे के कलवा में चाल की बालकनी का हिस्सा गिरा।

  2. हादसे में घनश्याम राव नामक एक व्यक्ति घायल हुआ।

  3. सुरक्षा के लिए घटनास्थल की घेराबंदी की गई है।

डिजिटल डेस्क, ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे शहर के कलवा इलाके में शुक्रवार सुबह हादसा हो गया। कलवा में एक चाल की बालकनी और बाहरी दीवार का कुछ हिस्सा भरभरा कर गिर गया। इस हादसे में एक शख्स घायल हो गया है।

ठाणे नगर निगम (TMC) के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन सेल (RDMC) के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि घटना शुक्रवार की सुबह 7:40 बजे हुई है।

महालक्ष्मी चाल में हुआ हादसा

उन्होंने बताया कि कलवा पूर्व के वाघोबा नगर स्थित महालक्ष्मी चाल में ये हादसा हुआ है। पुलिस अधिकारी ने भी घटना की पुष्टि की है। ये घटना चाल के कमरा नंबर नौ के पास वाले एरिया में हुई है।

सुरक्षा के लिहाज से इलाके की हुई घेराबंदी

इस हादसे में नौ नंबर कमरे में रहने वाले घनश्याम राव घायल हुए हैं। उनके दाहिने हाथ और दाहिने पैर में चोट लगी है। जानकारी मिलने के बाद बचाव दल रवाना हो गए। बचाव दल ने राव को छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में भर्ती कराया है। सुरक्षा के लिहाज से आरडीएमसी के कर्मचारियों ने उस इलाके की घेराबंदी कर ली है। जांच कर किसी बड़े हादसे को टालने की कोशिश जारी है।

इससे पहले कुछ महीने पहले मुंबई में भारी बारिश की वजह से मानखुर्द इलाके में एक चाल का हिस्सा गिर गया था। इसमें छह लोगों की मौत हो गई थी। बता दें कि 'चाल' कम पैसे में बनने वाली बहुमंजिला आवासीय इमारतें होती हैं। ये मुख्य रूप से मुंबई में पाई जाती हैं।

(समाचार एजेंसी पीटीआई की जानकारी के साथ)