महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में कांग्रेस ने 3 सीटों पर उतारे उम्मीदवार, जानिए किसे मिला मौका
कांग्रेस ने महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव के लिए तीन उम्मीदवारों की घोषणा की है, जिसमें दो मौजूदा एमएलसी और एक नया चेहरा शामिल है।

महाराष्ट्र में विधान परिषद चुनाव के लिए कांग्रेस की तैयारी।
HighLights
कांग्रेस ने महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव के लिए तीन उम्मीदवार घोषित किए।
अभिजीत वंजारी, जयंत असगांवकर को दोबारा, अदिति पोहरे नया चेहरा।
महा विकास अघाड़ी गठबंधन मिलकर विधान परिषद चुनाव लड़ेगी।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में विधान परिषद (MLC) के आगामी चुनावों को लेकर राज्यभर की राजनीति में गर्माहट तेज है। राजनीतिक पार्टियों ने अपनी-अपनी तैयारी भी तेज कर दी है।
इसी बीच कांग्रेस ने शनिवार को विधान परिषद की तीन शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। पार्टी ने अपने दो मौजूदा सदस्यों को एक बार फिर चुनावी मैदान में उतारा है, जबकि एक नई चेहरे को भी मौका दिया है।
कांग्रेस के उम्मीदवार और उनकी सीटें
पार्टी की तरफ से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस ने स्नातक निर्वाचन क्षेत्र नागपुर संभाग से मौजूदा एमएलसी अभिजीत वंजारी को एक बार फिर टिकट दिया है। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र पुणे संभाग से भी मौजूदा सदस्य जयंत दिनकर असगांवकर को दोबारा उम्मीदवार बनाया गया है।
इसके अलावा बात नए चेहरे की करें तो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र अमरावती संभाग से कांग्रेस ने नए चेहरे के रूप में अदिति पोहरे को चुनावी मैदान में उतारा है।
कब होंगे चुनाव?
बता दें कि विधान परिषद की कुल पांच सीटों तीन स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान 23 अक्टूबर को होगा। चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 6 अक्टूबर है। वहीं नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 9 अक्टूबर है। इन सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 6 दिसंबर को पूरा हो रहा है।
महा विकास अघाड़ी (MVA) मिलकर लड़ेगी चुनाव
दूसरी ओर गौर करने वाली बात यह है कि इससे पहले इसी हफ्ते विपक्षी गठबंधन 'महा विकास अघाड़ी' (MVA), जिसमें कांग्रेस, एनसीपी (शरदचंद्र पवार) और शिवसेना (UBT) शामिल हैं, ने आगामी द्विवार्षिक चुनाव मिलकर लड़ने का एलान किया था।
कांग्रेस नेता नसीम खान, एनसीपी (SP) के शशिकांत शिंदे व हर्षवर्धन पाटिल और शिवसेना (UBT) के संजय राउत की मौजूदगी में हुई बैठक में सीटों के बंटवारे और चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई। गौरतलब है कि इस चुनाव में छत्रपति संभाजीनगर (पूर्ववर्ती औरंगाबाद) स्नातक सीट और पुणे स्नातक सीट जैसी महत्वपूर्ण सीटें भी शामिल हैं, जिन पर एमवीए के अन्य घटक दल अपने उम्मीदवार उतारेंगे।
