नासिक में शख्स पर तेंदुए का हमला, रौंगटे खड़े करनेवाली घटना CCTV में हुई कैद
महाराष्ट्र के नासिक जिले का है। यहां इंदिरा नगर में तेंदुए ने एक शख्स पर हमला कर दिया।
नासिक, एएनआइ। देशभर में लॉकडाउन के दौरान कई जंगली जानवर रिहायशी इलाकों में सड़कों पर घूमते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला महाराष्ट्र के नासिक जिले का है। यहां इंदिरा नगर में तेंदुए ने एक शख्स पर हमला कर दिया। तेंदुए ने इस इलाके में दो लोगों हमला किया है, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं और दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। इनमें से एक घटना का वीडियो सीसीटीवी मे कैद हो गया। इस वीडियो को देखकर आपके रौंगटे खड़े हो जाएंगे।
#WATCH Maharashtra: A leopard was seen attacking a man in Indira Nagar area of Nashik y'day. The leopard has attacked two people here, giving them serious injuries. Forest Officials say, "Its footprints can be traced to forests. Our team is at the spot." (Source: CCTV footage) pic.twitter.com/9MTCCHW73N
— ANI (@ANI) May 30, 2020
इस वीडियो में तेंदुए इतनी तेजी से शख्स पर हमला कर रहा है कि उसे भागने का मौका ही नहीं मिलता है। वीडियो देखकर ही पता चल रहा है कि शख्स को तेंदुए ने गंभीर रूप से घायल किया है। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि अभी तक इस तेंदुए को पकड़ा नहीं जा सका है।
सीसीटीवी वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक शख्स सड़क पर खड़ा है। ऐसा लग रहा है कि वह सड़क पार करनेवाला है। इतने में ही उसके दाहिने ओर से एक तेंदुआ बड़ी तेजी से दौड़ता हुआ आता है। इस शख्स को तेंदुए का अहसास तब होता है, जब वह उससे चंद कदमों की दूरी पर होता है। ऐसे में शख्स आगे की ओर भागने की कोशिश करता है, लेकिन तेंदुआ उसे दबोच लेता है। ये सिर्फ 7 सेकंड का वीडियो है, जो कब खत्म गया, पता ही नहीं चलता। लेकिन इस वीडियो को देखते समय एक बार भी पलक नहीं झपकती।
गौरतलब है कि नासिक में तेंदुए के किसी शख्स पर हमला करने की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। वन विभाग अब इस तेंदुए को खोजने में जुट गई है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया है कि, तेंदुए के पैरों के निशान से उसका पता लगाया जा रहा है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि नासिक जिले के घने जंगलों में तेंदुए, भेड़िए, लोमड़ियां और लकड़बग्घे आदि आमतौर पर पाए जाते हैं। कई बार ये खाने की तलाश में जंगलों से बाहर रिहायशी इलाकों में आ जाते हैं और लोगों पर हमला कर देते हैं।