Lockdown Extension News: महाराष्ट्र में 31 जुलाई तक बढ़ा लॉकडाउन
Lockdown In Maharashtra महाराष्ट्र सरकार के मुताबिक सभी सरकारी कार्यालयों को 15 फीसद स्टाफ या 15 व्यक्तियों जो अधिक हो उसके साथ काम करना होगा।
मुंबई, एएनआई। Lockdown In Maharashtra: महाराष्ट्र सरकार ने सोमवार को 31 जुलाई तक लॉकडाउन बढ़ा दिया है। महाराष्ट्र सरकार के मुताबिक, आपातकालीन, स्वास्थ्य और चिकित्सा, कोषागार, आपदा प्रबंधन, पुलिस को छोड़कर सभी सरकारी कार्यालयों को 15 फीसद स्टाफ या 15 व्यक्तियों जो अधिक हो उसके साथ काम करना होगा। सभी निजी कार्यालय 10 फीसद स्टाफ या 10 व्यक्तियों जो अधिक हो उसके साथ काम कर सकते हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने रविवार को कहा था कि 30 जून के बाद भी लॉकडाउन की पाबंदियां जारी रहेंगी। टीवी पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राज्य में अभी कोरोना वायरस का खतरा बना हुआ है, इसलिए पाबंदियों में ढील नहीं दी जा सकती।
उद्धव ने कहा कि राज्य में आर्थिक गतिविधियों को पटरी पर लाने के लिए धीरे-धीरे रियायतें दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि 'चेज द वायस' अभियान को मुंबई में अच्छी सफलता मिली है, जिसको देखते हुए अब इसे पूरे राज्य में लागू करने का फैसला किया गया है। इस अभियान के तहत कोरोना संक्रमित व्यक्ति के नजदीकी संपर्क में आए 15 लोगों को अनिवार्य रूप से सांस्थानिक क्वारंटाइन में रखा जाता है। यह अभियान 27 मई को शुरू किया गया था। मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अभियान को आगे बढ़ाने का अनुरोध किया है, ताकि राज्य सरकार गरीबों पर सस्ते में अनाज मुहैया करा सके।
महाराष्ट्र में रविवार को कोरोना के 5493 नए मामले सामने आए हैं और 156 मौतें हुई हैं। राज्य में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 1,64,626 हो गई है जिसमें 70,607 सक्रिय मामले शामिल हैं। महाराष्ट्र पुलिस में पिछले 48 घंटों में कोरोना के 150 नए पॉजिटिव मामले सामने आए और एक की मौत हुई है। पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या बढ़कर 4666 हो गई है और मरने वालों की संख्या बढ़कर 57 हो गई है।
महाराष्ट्र में शनिवार को 5318 नए मामले सामने आए हैं। एक दिन में मिले नए मामलों की यह सबसे बड़ी संख्या है। राज्य में अब तक 159133 संक्रमित मामले मिल चुके हैं। अब तक 7273 लोगों की अब तक जान भी जा चुकी है। शनिवार को 4430 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिली। राज्य में अब तक 84,245 मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं।