Mumbai Taj Hotel Attack: मुंबई के ताज होटल की सुरक्षा को लेकर महाराष्ट्र सरकार सतर्क
Mumbai Taj Hotel Attack पाकिस्तान के कराची से मुंबई के ताज होटल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस धमकी भरे फोन के बाद महाराष्ट्र सरकार सतर्क हो गई है।
मुंबई, एएनआइ। मुंबई के ताज होटल पर 26/11 जैसे आतंकी हमले के 12 साल बाद फिर कराची से आतंकी खतरा पैदा हो गया है। इस मामले में महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने राज्य के पुलिस महानिदेशक और मुंबई पुलिस आयुक्त दोनों के साथ सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा की।
धमकी मिलने के तुरंत बाद ही मुंबई पुलिस ने होटल के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। इस मामले में मिली जानकारी के अनुसार धमकी देने वाले शख्स का नाम सुल्तान है। इस शख्स ने मुंबई के ताज होटल मेें 26/11 जैसा आतंकी हमले कराने की धमकी दी है। शख्स ने होटल कर्मचारी को अपना वॉटसएप नंबर भी दिया है। मुंबई पुलिस इस मामले की जांच करने में जुटी हुई है और नंबर की कॉल डिटेल निकाल शख्स के बारे में पता लगा रही है।
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के ताज होटल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। पाकिस्तान के कराची से सोमवार को आए एक फोन के द़वारा ये धमकी दी गई है। इस धमकी के बाद से एक बार फिर 26/11 जैसे आतंकी हमले की यादें ताजा हो गई हैं। जब देश की आर्थिक राजधानी मुंबई आतंकी हमलों से दहल गई थी। ये घटना 26 नवंबर 2008 की है जब 10 आतंकियों ने मिलकर ताज होटल, नरीमन हाउस, रेलवे स्टेशन सहित कई भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशान बनाया था। जिसमें 166 लोगों की मौत हो गई थी और 600 से अधिक लोग घायल हो गए थे।
ये सभी आतंकी लश्कर-ए-तैयबा के लिए काम करते थे और सुनियोजित साज़िश के तहत मुंबई में घुसे थे। मुंबई में तीन दिन तक चले इस ऑपरेशन में पुलिस ने नौ आतंकियों को मार गिराया था और एक आतंकी कसाब को जिंदा पकड़ा था, जिसे बाद में फांसी दी गई थी।