विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 23, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बदलापुर रेप कांड: आरोपी ने पुलिस से रिवॉल्वर छीनकर चलाई गोली, जवाबी फायरिंग में हुआ ढेर

By Agency Edited By: Sachin Pandey
Published: Mon, 23 Sep 2024 07:27 PM (IST)Updated: Mon, 23 Sep 2024 09:02 PM (IST)

Badlapur Encounter महाराष्ट्र के बदलापुर दुष्कर्म कांड को लेकर बड़ी खबर है जहां पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल हुए ...और पढ़ें

पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल हो गया था, जिसके बाद अब उसकी मौत हो गई है।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल हो गया था, जिसके बाद अब उसकी मौत हो गई है।

HighLights

  1. तलोजा जेल से बदलापुर ले जाते समय पुलिस से छीनी रिवॉल्वर।
  2. पुलिसकर्मी पर चलाई गोली, जवाबी फायरिंग में हुआ था घायल।

एएनआई, मुंबई। महाराष्ट्र के बदलापुर दुष्कर्म कांड के आरोपी अक्षय शिंदे की मौत हो गई है। उसने पुलिस से रिवॉल्वर छीनकर पुलिसकर्मी पर फायरिंग की थी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की थी, जिसमें वह घायल हो गया था। 

अब ठाणे पुलिस ने पुष्टि की है कि आरोपी की मौत हो गई है। समाचार एजेंसी एएनआई ने ठाणे पुलिस के हवाले से बताया कि बादलपुर स्कूल में मासूम बच्चियों के शोषण के मामले में गिरफ्तार आरोपी अक्षय शिंदे ने पुलिस का हथियार छीनकर गाड़ी में पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस के अनुसार इसमें पुलिस अधिकारी भी घायल हुए, पुलिस की जवाबी फायरिंग में अक्षय शिंदे को गोली लगी है। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई है। 

मुख्यमंत्री ने दी जानकारी 

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मामले की जानकारी देते हुए कहा, 'उसे (अक्षय शिंदे को) जांच के लिए ले जाया गया, क्योंकि उसकी पूर्व पत्नी ने यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है। उसने एक पुलिस कर्मी नीलेश मोरे पर गोली चलाई, जो घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आत्मरक्षा में यह कार्रवाई की। जांच के बाद और जानकारी सामने आएगी।'

फडणवीस ने भी की पुष्टि

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि उसकी (अक्षय शिंदे) पूर्व पत्नी ने यौन शोषण की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस वारंट के साथ उसे जांच के लिए ले जा रही थी। तभी उसने पुलिस की बंदूक छीन ली और पुलिसकर्मियों पर और हवा में भी फायरिंग की।

फडणवीस ने कहा कि पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी पर फायरिंग की। उसे अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर बाद में इसकी घोषणा करेंगे, लेकिन हमारे पास जो प्रारंभिक जानकारी है, उसके अनुसार उसकी मृत्यु हो गई है।

मुद्दा बनाना गलत: फडणवीस

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष हर बात पर सवाल उठाता है। वही विपक्ष आरोपी को फांसी पर लटकाने की मांग कर रहा था। अगर उसने पुलिस पर हमला किया होता तो क्या पुलिस आत्मरक्षा नहीं करती? इस पर कोई मुद्दा बनाना गलत है।

गौरतलब है कि अक्षय शिंदे को ठाणे जिले के बदलापुर शहर के एक स्कूल में दो लड़कियों का यौन शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। आरोपी ने दोनों नाबालिगों के साथ स्कूल के शौचालय में कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया था। उसे 17 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था।