Coronavirus Maharashtra Update: महाराष्ट्र में 38 नए पुलिसकर्मी कोरोना की चपेट में, अब तक 8,722 जवान संक्रमित
Mumbai Coronavirus News Update महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमित पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़कर 8722 तक पहुंच गयी है 6670 जवान स्वस्थ हो चुके हैं और 1955 अभी सक्रिय हैं।
मुंबई, एएनआइ। महाराष्ट्र में बीते 24 घंटों में 38 पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित पाये गये हैं और तीन जवानों की कोरोना संक्रमण के कारण मौत दर्ज की गयी है। पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार राज्य में अब तक कुल 8,722 पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित पाये गये हैं। 1,955 मरीज सक्रिय हैं और 6,670 पुलिस जवान स्वस्थ हो अस्पताल से घर जा चुके हैं।
राज्य में बीते 24 घंटों में 7924 कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आये हैं और 227 संक्रमितों की मौत दर्ज की गयी है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार राज्य में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 3,83,723 तक पहुंच चुका है। अब तक 2,21,944 मरीज स्वस्थ हो अस्पताल से घर जा चुके हैं और 1,47,592 मरीज सक्रिय हैं जिनका विभिन्न कोविड 19 अस्पतालों में उपचार हो रहा है। राज्य में कोरोना मरीजों का रिकवरी रेट 57.84 प्रतिशत है।
वहीं मुंबई में सोमवार को कोरोना संक्रमण के 1033 नए मरीज सामने आये और 39 लोगों की मौत दर्ज की गयी। 1,706 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से घर भेज दिया गया। नगर निगम ग्रेटर मुंबई के अनुसार राजधानी मुंबई में कोरोना मरीजों की कुल संख्या 1,10,129 तक पहुंच चुकी है जिनमें से 81,944 स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 6129 की इस महामारी के कारण मौत हो चुकी है।
पुणे में सोमवार को 3044 मरीजों की पहचान हुई और 38 संक्रमितों की मौत दर्ज की गयी। डॉ भगवान पवार, जिला स्वास्थ्य अधिकारी (डीएचओ) के अनुसार जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 72782 तक पहुंच गयी है और अब तक कुल 1737 संक्रमितों की मौत दर्ज की गयी है।
महाराष्ट्र में रविवार को कोरोना संक्रमण के 9,431 नए मरीज सामने आये थे और 267 संक्रमितों की मौत दर्ज की गई। जिसके बाद राज्य में कुल संक्रमित मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 3,75,799 तक पहुंच गया था। जिसमें से 1,48,601 मरीज सक्रिय बताये गये थे जबकि 2,13,238 संक्रमितों को ठीक होने के बाद अस्पताल से घर भेज दिया गया था।
वहीं मुंबई में रविवार को 1115 नए मरीजों की पुष्टि हुई थी और 57 संक्रमितों की मौत दर्ज की गयी थी। 1361 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से घर भेज दिया गया था। नगर निगम ग्रेटर मुंबई के अनुसार रविवार तक राजधानी में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 1,09,096 तक पहुंच गयी थी।