Coronavirus: महाराष्ट्र में कोरोना के 11514 नए मामले, 316 लोगों की मौत
Mumbai Coronavirus News Update. महाराष्ट्र में अब तक 479779 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इस दौरान 316 और लोगों की मौत से मृतकों का आंकड़ा 16792 हो गया है
मुंबई, एएनआइ। महाराष्ट्र में गुरुवार को कोरोना के 11,514 नए मामले सामने आए। इस तरह राज्य में अब तक 4,79,779 लोग इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। इस दौरान 316 और लोगों की मौत से मृतकों का आंकड़ा 16,792 हो गया है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को 10,854 लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिलने से अब तक 3,16,375 लोग इस बीमारी से उबर चुके हैं। महाराष्ट्र पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार राज्य में बीते 24 घंटों में 137 जवान कोरोना संक्रमित पाये गये हैं और दो संक्रमित जवानों की मौत दर्ज की गयी है। राज्य में कुल संक्रमित पुलिसकर्मियों की संख्या अब 10,163 तक पहुंच चुकी है। अब तक कुल 109 संक्रमित जवानों की मौत हो चुकी है।
महाराष्ट्र में बीते 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 10,309 नए मामले सामने आये, 6,165 मरीजों को स्वस्थ पाये जाने पर अस्पताल से घर भेज दिया गया जबकि 334 मरीजों की इस संक्रमण के कारण मौत हो गयी। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार राज्य में कुल मामलों की संख्या अब 4,68,265 तक पहुंच चुकी है जिसमें 1,45,961 मरीज सक्रिय हैं। अब तक कुल 3,05,521 मरीजों को स्वस्थ पाये जाने पर अस्पताल से घर भेज दिया गया है। इस महामारी के कारण राज्य में अब तक कुल 16,476 लोगों की जान जा चुकी है।
मुंबई में बुधवार को कोरोना संक्रमण के 1,125 नए मामले सामने आये, 711 मरीजों को स्वस्थ पाये जाने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी और 42 लोगों की इस संक्रमण के कारण मौत दर्ज की गयी। बृहन्मुंबई नगर निगम के अनुसार राजधानी मुंबई में अब तक कुल 1,19,255 लोग कोरोना संक्रमित पाये गये हैं। 91,673 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से घर भेज दिया गया है। 20,697 मरीज सक्रिय है जबकि कुल 6,588 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
पुणे में बुधवार को कोरोना के 2,331 नए मरीजों की पुष्टि हुई और 46 संक्रमितों की मौत दर्ज की गयी। जिला स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पुणे में अब तक कुल 97,309 मरीज कोरोना संक्रमित पाये गये हैं 68,775 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से घर भेज दिया गया है जबकि 26,274 मरीज अभी सक्रिय हैं जिनका विभिन्न कोविड 19 अस्पतालों में इलाज चल रहा है। जिले में मौत का आंकड़ा 2,231 तक पहुंच चुका है।