विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 17, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

इरफान खान 'न्यूरोइंडोक्राइन ट्यूमर' से हैं पीडि़त

By BabitaEdited By:
Published: Sat, 17 Mar 2018 09:47 AM (IST)Updated: Sat, 17 Mar 2018 03:45 PM (IST)

51 वर्षीय इरफान खान ने शुक्रवार को ट्वीट कर बताया कि उन्हें अपनी बीमारी से मुकाबला करने में बहुत दिक्कत पेश आ रही है।

इरफान खान 'न्यूरोइंडोक्राइन ट्यूमर' से हैं पीडि़त
इरफान खान 'न्यूरोइंडोक्राइन ट्यूमर' से हैं पीडि़त

मुंबई, अमित कर्ण। फिल्म अभिनेता इरफान खान ने अपनी बीमारी से खुद ही पर्दा उठा दिया है। उन्होंने ट्वीट कर जानकारी दी कि उन्हें शरीर के कई हिस्सों को शिकार बनाने वाली दुर्लभ बीमारी 'न्यूरो इंडोक्राइन ट्यूमर' है। इसके इलाज के लिए उन्हें विदेश आना पड़ा है। उन्होंने लोगों से गुजारिश भी की वे उनके लिए दुआ करते रहें।  

51 वर्षीय इरफान खान ने शुक्रवार को ट्वीट कर बताया कि उन्हें अपनी बीमारी से मुकाबला करने में बहुत दिक्कत पेश आ रही है। लेकिन उनके आसपास के लोगों ने उनके मन में उम्मीद जगाई है और उन्हें इससे लडऩे का हौसला दिया है। मीडिया के लिए जारी बयान में इरफान ने कहा कि न्यूरो शब्द का इस्तेमाल हमेशा दिमाग के लिए नहीं होता। इसके और भी मायने होते हैं। गूगल करके आप आसानी से इसके बारे में जानकारी पा सकते हैं।  मुझे उम्मीद है कि मैं लौटूंगा और आपको और किस्से सुनाऊंगा।

दरअसल उन्होंने कुछ दिनों पहले ट्वीट कर बताया था, 'कभी किसी रोज आप दिन में उठते हो और आप को अचानक यह जानकर झटका लगता है कि जीवन में सब कुछ सही नहीं चल रहा। पिछले कुछ दिनों से मेरी जिंदगी एक रहस्यमयी कहानी की तरह हो गई है। मुझे नहीं पता था कि दुर्लभ कहानियों को ढूंढते-ढूंढते खुद मेरा सामना एक दुर्लभ बीमारी से हो जाएगा।

इलाज है मुमकिन

इरफान की बीमारी के संदर्भ में मुंबई की बृहन्मुंबई महानगरपालिका के तहत आने वाले कूपर अस्पताल के न्यूरोसर्जन डॉक्टर शशांक जोशी ने बताया कि यह ऐसा कैंसर है, जो न्यूरो एंडोक्राइन सिस्टम के हार्मोन पैदा करने वाली कोशिकाओं में पनपता है। वे कोशिकाएं दिमाग, पेट और आंत समेत फेफड़ों और गैस्ट्रोइन्टेस्टाइन ट्रैक्ट जैसे हिस्सों में होती हैं। यह एक दुर्लभ बीमारी है। इसके कुल मामलों में से पांच से 10 फीसद तक न्यूरो एंडोक्राइन ट्यूमर के ही होते हैं।