Maharashtra: नागपाड़ा में सड़क किनारे पड़े शख्स ने चबा डाली ट्रैफिक कांस्टेबल की अंगुली
मुंबई के नागपाड़ा में एक शख्स ने ट्रैफिक कांस्टेबल की अंगुली चबा डाली कांस्टेबल सड़क किनारे नग्न पड़े इस शख्स को वहां से हटाने की कोशिश कर रहा था।
मुंबई, मिड डे। मुंबई के नागपाड़ा में बुधवार को एक अनोखा मामला सामने आया, यहां एक व्यक्ति ने ट्रैफिक कांस्टेबल की अंगुली चबा डाली। घटना के बाद कांस्टेबल जनार्दन सखारे को तुरंत इलाज के लिए जेजे अस्पताल ले जाया गया। आरोपी को भी हिरासत में ले लिया गया है।
घटना बुधवार दोपहर करीब 2 बजकर 15 मिनट की है, नागपाड़ा पुलिस स्टेशन के पास पुलिस की मोबाइल वैन खड़ी थी। तभी वैन में से पुलिस कांस्टेबल जनार्दन सखारे नीचे उतरे और नागपाड़ा जंक्शन की ओर चल दिये। उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति नग्न अवस्था में सड़क पर पड़ा है और आते-जाते लोगों को गालियां दे रहा है।
कांस्टेबल सखारे ने उस व्यक्ति से वहां से हटने और कपड़े पहनने के लिए कहा लेकिन उसने कांस्टेबल की बात पर ध्यान नहीं दिया और उन्हें भी गाली देनी शुरु कर दी। सखारे ने उस व्यक्ति का हाथ पकड़कर उसे वहां से हटाने की कोशिश की इतने में उस व्यक्ति ने सखारे के बांये हाथ की तर्जनी अंगुली मुंह में डाल चबा डाली। सखारे दर्द से चिल्लाने लगा और अपना हाथ छुड़ाने की कोशिश करने लगा। अंगुली इतनी जोर से चबायी गयी थी कि उसका आगे का हिस्सा कटकर अलग हो गया था। दर्द से तड़प रहे कांस्टेबल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसकी अंगुली में टांके लगा दिये। अंगुली का अग्र भाग इतना खराब हो चुका था कि अब उसका अंगुली में जुडऩा संभव नहीं था।
इस व्यक्ति की पहचान मोहम्मद शफीक शब्बीर हुसैन (46) के रूप में की गयी है। यह व्यक्ति एंटॉप हिल का निवासी है और बाइकुला क्षेत्र में टैक्सी चलाता है। लेकिन कुछ दिनों से मानसिक रूप से पीडि़त है। मोहम्मद को हिरासत में लिया गया है और उसका बयान दर्ज किया गया है, पुलिस उसके परिवार के सदस्यों का इंतजार कर रही है ताकि उसके बारे में अधिक जानकारी मिल सके।
Maharashtra: सोलापुर में छह माह तक दुष्कर्म का शिकार बनती रही 16 वर्षीय दलित लड़की