विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'बेटे का शव कैंपस ले जाऊंगा', IIT-बॉम्बे में आत्महत्या करने वाले छात्र के पिता ने की दोषियों की गिरफ्तारी की मांग

Published: Sat, 19 Sep 2026 05:28 PM (IST)

आईआईटी-बॉम्बे में छात्र की आत्महत्या का मामला गरमा गया है, जहां पिता ने दोषियों की गिरफ्तारी न होने तक बेटे का शव कैंपस में रखने की चेतावनी दी है।

IIT-बॉम्बे छात्र की आत्महत्या मामला।

IIT-बॉम्बे छात्र की आत्महत्या मामला।

HighLights

  1. पिता ने दोषियों की गिरफ्तारी तक शव कैंपस में रखने की चेतावनी दी।

  2. परिवार ने जातिगत भेदभाव और संस्थानिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया।

  3. पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया, छात्रों का विरोध जारी।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। IIT-बॉम्बे में एक दूसरे वर्ष के छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इसी बीच छात्र के पिता ने चेतावनी दी है कि वे अपने बेटे का शव सीधे कैंपस लेकर जाएंगे और तब तक वहां से नहीं हटेंगे जब तक इसके लिए जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती।

बता दें कि मामले में गर्माहट तब और ज्यादा बढ़ गई जब परिवार ने इस मौत के पीछे जातिगत भेदभाव और 'संस्थानिक प्रताड़ना' का गंभीर आरोप लगाया।

कैंपस पहुंचकर पिता ने दी चेतावनी

महाराष्ट्र के यवतमाल के रहने वाले छात्र के पिता रवींद्र वाकोड़े शुक्रवार को अपने बेटे की दुखद मौत के बाद शनिवार को IIT-बॉम्बे कैंपस पहुंचे। पिता ने साफ कर दिया है कि उनका बेटा ऐसा कदम खुद नहीं उठा सकता, इसके लिए जिम्मेदार लोग दोषी हैं।

पिता ने दो टूक कहा कि जब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती, वे बेटे के शव को लेकर संस्थान परिसर में ही डटे रहेंगे। दूसरी तरफ परिवार का आरोप है कि छात्र को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिसके कारण उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

पुलिस में मामला दर्ज और छात्रों का विरोध प्रदर्शन

इस मामले में पवई पुलिस ने शनिवार को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, परिवार की तरफ से कुछ लोगों के नाम बताए गए हैं, जिनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

घटना के बाद से ही छात्र पूरी रात कैंपस में धरने पर बैठे रहे और शनिवार सुबह भी उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहा। छात्रों का कहना है कि न्याय मिलने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। इस बीच, शनिवार को होने वाली मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं भी स्थगित कर दी गईं।

IIT-बॉम्बे प्रबंधन का पक्ष

गौरतलब है कि इस पूरे घटनाक्रम पर सफाई देते हुए संस्थान ने शुक्रवार रात बयान जारी किया था। दूसरी ओर मृतक छात्र को शुक्रवार को परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन के साथ पकड़ा गया था। छात्रों का आरोप है कि इसके बाद उसे सस्पेंड करने की धमकी दी गई थी।

हालांकि, IIT-बॉम्बे ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि छात्र के खिलाफ कोई भी अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू नहीं की गई थी। विभाग के प्रमुख और शिक्षक ने खुद छात्र से बात की थी, उसकी काउंसलिंग की थी और उसे भरोसा दिलाया था कि इस छोटी सी घटना का उसके एकेडमिक करियर पर कोई बुरा असर नहीं पड़ेगा।