IIT बॉम्बे आत्महत्या केस: आजाद मैदान में अनशन पर बैठे साहिल के माता-पिता, राहुल गांधी ने फोन पर की बात
आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोड़े के पिता ने आजाद मैदान में भूख हड़ताल शुरू की, जिसमें उन्होंने आईआईटी डायरेक्टर और प्रोफेसर की गिरफ्तारी की मांग की है।

साहिल के माता-पिता आजाद मैदान में अनशन पर बैठे
HighLights
साहिल के पिता ने आईआईटी डायरेक्टर, प्रोफेसर की गिरफ्तारी की मांग की।
राहुल गांधी ने साहिल के परिवार से फोन पर बात कर समर्थन दिया।
आईआईटी बॉम्बे ने परीक्षाएं स्थगित कीं, हॉस्टल व्यवस्था बदलने पर विचार।
राज्य ब्यूरो, मुंबई।आईआईटी के बीटेक छात्र साहिल वाकोड़े की आत्महत्या के मामले में साहिल के पिता रविंद्र वाकोड़े ने आज शाम मुंबई के आजाद मैदान में भूख-हड़ताल शुरू कर दी है।
उनका कहना है कि आईआईटी के डायरेक्टर डा.शीरीष केदारे एवं प्रो.सूर्यनारायण दूल्ला की गिरफ्तारी होने के बाद ही वह अपनी भूख हड़ताल खत्म करेंगे।
गुरुवार को पवई स्थित संस्थान के मुख्य द्वार पर उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब साहिल के माता-पिता ने पुलिस की अनुमति के बावजूद आईआईटी के गेट पर ही धरना देने की जिद की। पुलिस ने उन्हें मुख्य द्वार पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी और आजाद मैदान में धरना देने का विकल्प दिया। इसके बावजूद परिवार आईआईटी परिसर के बाहर आंदोलन करने पर अड़ा रहा।
जिसके कारण साहिल के पिता रविंद्र वाकोड़े को पुलिस को हिरासत में लेना पड़ा। परिवार के वकील ने आरोप लगाया है कि पुलिस रविंद्र वाकोड़े को हिरासत में लेकर मुंबई से बाहर ले जाने की कोशिश कर रही थी। पुलिस ने इस आरोप से इनकार किया है।
पुलिस का कहना है कि परिवार की ओर से अपने गृहनगर यवतमाल जाने की बात कही जा रही थी। जबकि साहिल के परिवार का कहना था कि जिस संस्थान में साहिल पढ़ता था, उसी के मुख्य द्वार पर बैठकर वे अपनी मांग रखना चाहते हैं।
माता-पिता की इस मांग को लेकर पुलिस और परिवार के बीच काफी देर तक गतिरोध बना रहा। बाद में साहिल के माता-पिता दक्षिण मुंबई स्थित आजाद मैदान में भूख हड़ताल करने को राजी हो गए।
घटनाक्रम के बीच मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद वर्षा गायकवाड़ कांग्रेस तथा एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के साथ आईआईटी बॉम्बे के मुख्य द्वार पर पहुंचीं। उन्होंने साहिल की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने वर्षा गायकवाड़ समेत कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। वर्षा गायकवाड़ ने साहिल के परिवार की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से होनी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि परिवार की शिकायतों और लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लिया जाए तथा जांच पूरी होने तक किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जाए। इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी साहिल के माता-पिता से फोन पर बातचीत की। उन्होंने परिवार से बात कर समर्थन का आश्वासन दिया।
साहिल की मौत की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच के साथ-साथ आईआईटी बॉम्बे की 10 सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति भी कर रही है। आईआईटी द्वारा गठित उच्चस्तरीय समिति की अध्यक्षता समिति की प्रो. रमेश वेंकटेश्वरन कर रहे हैं।
इसमें आईआईटी बॉम्बे के तीन शिक्षक, तीन छात्र, एक सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी, संस्थान के पूर्व विजिलेंस अधिकारी और एक मनोचिकित्सक शामिल हैं। दूसरी ओर क्राइम ब्रांच परीक्षा कक्ष और आसपास के सीसीटीवी फुटेज, साहिल के मोबाइल फोन तथा संबंधित लोगों के बयान की जांच कर रही है।
साहिल का आईफोन लॉक होने के कारण उसका डेटा हासिल करने में जांचकर्ताओं को फिलहाल परेशानी हो रही है। इस बीच आईआईटी बॉम्बे ने 26 और 27 सितंबर को होने वाली मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। अब ये परीक्षाएं 10 और 11 अक्टूबर को होंगी।
आईआईटी सूत्रों के अनुसार साहिल की आत्महत्या के बाद आईआईटी प्रशासन हास्टलों में छात्रों की आवासीय व्यवस्था बदलने पर भी विचार कर रहा है। अब उन कमरों में दो-दो छात्रों को रखने पर विचार किया जा रहा है, जो पहले एक छात्र को ही एलाट किए जाते थे।
