विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

साहिल वाकोड़े आत्महत्या मामले में प्रोफेसर दूल्ला के बाद IIT निदेशक से भी होगी पूछताछ? छात्रों ने शुरू की भूख हड़ताल

Published: Sat, 03 Oct 2026 08:56 PM (IST)

आईआईटी मुंबई छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या मामले में क्राइम ब्रांच ने प्रोफेसर सूर्यनारायण दूल्ला से 10 घंटे पूछताछ की, ...और पढ़ें

साहिल वाकोड़े आत्महत्या मामला।

साहिल वाकोड़े आत्महत्या मामला।

HighLights

  1. प्रोफेसर दूल्ला से 10 घंटे पूछताछ, आरोपों से इनकार किया।

  2. आईआईटी निदेशक शिरीष केदारे से भी हो सकती है पूछताछ।

  3. छात्रों और परिवार ने न्याय के लिए भूख हड़ताल की।

राज्य ब्यूरो, मुंबई। आईआईटी मुंबई के 22 वर्षीय छात्र साहिल वाकोडे की कथित आत्महत्या के मामले में क्राइम ब्रांच ने संस्थान के प्रोफेसर सूर्यनारायण दूल्ला से करीब 10 घंटे तक पूछताछ की।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान दूल्ला ने छात्र के माता-पिता की ओर से लगाए गए उत्पीड़न और जाति आधारित भेदभाव के आरोपों से इनकार किया। पुलिस ने उनका बयान आधिकारिक रूप से दर्ज कर लिया है।

साहिल वाकोडे 18 सितंबर की शाम आईआईटी मुंबई के पवई परिसर स्थित अपने छात्रावास के कमरे में फंदे से लटके मिले थे। बताया गया है कि इसके कुछ घंटे पहले मध्य-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान उन्हें कथित तौर पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था।

इस दौरान उन्होंने कथित रूप से चैटजीपीटी का उपयोग किया था। घटना के बाद पवई पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी।

प्रोफेसर दूल्ला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज

साहिल के पिता रवींद्र वाकोडे की शिकायत के आधार पर प्रोफेसर दूल्ला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

परिवार ने संस्थान में साहिल के साथ जातिगत भेदभाव किए जाने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की जांच अभी जारी है और पुलिस ने किसी निष्कर्ष की घोषणा नहीं की है।

जांच से जुड़े अधिकारी ने बताया कि क्राइम ब्रांच अब तक साहिल के माता-पिता, सहपाठियों, दोस्तों, परीक्षा से जुड़े कर्मचारियों तथा आईआईटी और छात्रावास के कर्मचारियों समेत करीब 40 लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है। साहिल के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को भी फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

शिरीष केदारे को भी पूछताछ के लिए बुला सकती है पुलिस

पुलिस जल्द ही आईआईटी मुंबई के निदेशक शिरीष केदारे को भी पूछताछ के लिए बुला सकती है। इस बीच, साहिल के माता-पिता द्वारा दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में किए जा रहे अनशन की अनुमति रद कर दी है।

उनके वकील के अनुसार पुलिस ने पिता रवींद्र वाकोडे को वहां प्रदर्शन जारी रखने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद उन्होंने आईआईटी मुंबई के पवई परिसर जाने की योजना बनाई है। परिवार प्रोफेसर दूल्ला और निदेशक शिरीष केदारे की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है।

छात्रों ने शुरू की भूख हड़ताल

आईआईटी मुंबई के छात्रों के एक समूह ने भी शुक्रवार को आंदोलन तेज करते हुए प्रशासन से जवाबदेही की मांग को लेकर भूख हड़ताल शुरू कर दी है। परिवार ने महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल एवं मुंबई कांग्रेस की प्रमुख वर्षा गायकवाड़ समेत अन्य नेताओं से भी चर्चा की है।