IIT बॉम्बे सुसाइड केस: क्लासरूम का CCTV फुटेज आया सामने, वीडियो में दिखे साहिल और प्रोफेसर
आईआईटी बॉम्बे छात्र साहिल वाकोडे आत्महत्या मामले में नया मोड़ आया है, जिसमें परीक्षा हॉल का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है।

IIT बॉम्बे सुसाइड केस में क्लासरूम का CCTV फुटेज आया सामने। (सोशल मीडिया)
HighLights
आईआईटी बॉम्बे छात्र साहिल वाकोडे आत्महत्या मामला।
परीक्षा हॉल का सीसीटीवी फुटेज सामने आया।
मोबाइल इस्तेमाल करते हुए पकड़े गए थे साहिल।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। IIT बॉम्बे के जिस छात्र की आत्महत्या के मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है, उसके बारे में संस्थान ने पहले कहा था कि वह परीक्षा हॉल में मोबाइल का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था। अब इस घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है।
सीसीटीवी फुटेज में पिछले शुक्रवार को परीक्षा के दौरान साहिल वाकोडे को एक इनविजिलेटर द्वारा एक तरफ ले जाते हुए देखा जा सकता है। दैनिक जागरण इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
वीडियो में दिखाई दिए साहिल और प्रोफेसर
वायरल वीडियो में देखा दिखाई दे रहा है कि काली टी-शर्ट पहने वाकोडे परीक्षा हॉल में सबसे आगे की सीट पर बैठा है, तभी एक इनविजिलेटर उसके पास आकर रुकता है। फुटेज में दिख रहा है कि वह थोड़ी देर के लिए बेंच से उठता है, वापस बैठता है और फिर अपना मोबाइल टीचर को सौंप देता है।
इसके बाद उनके बीच कुछ देर बातचीत होती है और फिर वह अपना सामान समेटकर परीक्षा हॉल से बाहर जाता हुआ दिखाई दे रहा है। कुछ घंटों बाग, 22 साल के छात्र साहिल वाकोडे अपने हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला।
परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन इस्तेमाल कर रहा था साहिल- IIT बॉम्बे
IIT बॉम्बे ने छात्र की मौत पर दुख जताते हुए बाद में बताया कि दिन में एक परीक्षा के दौरान वह मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था। संस्थान ने कहा कि उसने जवाब पाने के लिए प्रश्न-पत्र को ChatGPT पर अफलोड किया था, लेकिन उसके खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई थी।
साहिल के पिता ने लगाए जातिगत भेदभाव के आरोप
बाद में छात्र के माता-पिता ने आरोप लगाया कि वाकोडे को संस्थान में परेशान किया जाता था और उसने उन्हें जातिगत भेदभाव के बारे में बताया था। उसके पिता रवींद्र वाकोडे और मां सोनाली ने प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला की गिरफ्तारी की भी मांग की है, जिन पर उनके बेटे के साथ भेदभाव का आरोप है।
साहिल वाकोडे के पिता की शिकायत के आधार पर कई लोगों को खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया।
