विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महाराष्ट्र: साहिल वाकोडे के पिता ने दी भूख हड़ताल की चेतावनी, छुट्टी पर भेजे गए प्रोफेसर डूला

Published: Wed, 23 Sep 2026 09:06 AM (IST)Updated: Wed, 23 Sep 2026 09:17 AM (IST)

आईआईटी बॉम्बे कैंपस में आत्महत्या करने वाले छात्र साहिल वाकोडे के पिता रवींद्र ने अधिकारियों की गिरफ्तारी न होने पर बुधवार से भूख हड़ताल की चेतावनी दी है।

साहिल के पिता ने भूख हड़ताल करने की दी चेतावनी।

साहिल के पिता ने भूख हड़ताल करने की दी चेतावनी।

HighLights

  1. साहिल वाकोडे के पिता ने भूख हड़ताल की चेतावनी दी।

  2. आईआईटी बॉम्बे ने छात्र की मौत की जांच के लिए समिति बनाई।

  3. प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला को जांच के चलते छुट्टी पर भेजा गया।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। आईआईटी बॉम्बे कैंपस में आत्महत्या करने वाले छात्र साहिल वाकोडे के पिता रवींद्र ने कहा कि अगर मामले में नामजद संस्थान के अधिकारियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे बुधवार से भूख हड़ताल शुरू करेंगे।

मुंबई पहुंचे रवींद्र ने यह घोषणा करने से पहले शहर की क्राइम ब्रांच के अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने और उनकी पत्नी ने वाकोडे से आखिरी बार उसकी मौत से पांच दिन पहले 13 सितंबर को मुलाकात की थी और अगले दिन यवतमाल स्थित अपने घर लौटने से पहले आईआईटी बॉम्बे कैंपस में उसके साथ दिन बिताया था।

आईआईटी बॉम्बे ने डूला को छुट्टी पर भेजा, बनाई 10 सदस्यीय समिति

साहिल के पिता ने यह घोषणा तब की जब आईआईटी बॉम्बे के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स ने वाकोडे की मौत के हालात की जांच के लिए 10 सदस्यों की एक हाई-लेवल कमेटी बनाई और प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला से छुट्टी पर जाने को कहा। कमेटी से एक हफ्ते के अंदर अपनी रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है। बोर्ड ने छात्रों की मांगों पर भी विचार किया और इस्तीफे की मांग को छोड़कर ज्यादातर मांगों को मान लिया है।

कमेटी में कौन-कौन शामिल?

इस कमेटी के प्रमुख आईआईटी पलक्कड़ के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन प्रोफेसर रमेश वेंकटेश्वरन होंगे। कमेटी में आईआईटी बॉम्बे के जो फैकल्टी सदस्य शामिल हैं उनमें स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज के प्रोफेसर के. नारायणन, मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर संदीप कुमार साहा, जो संस्थान के एससी/एसटी छात्र और स्टाफ सेल के कन्वीनर भी हैं और केमिस्ट्री विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर दीप्ति कल्सी शामिल हैं।

तीन छात्रों को भी किया गया शामिल

जनरल सेक्रेटरी (हॉस्टल मामले) आदित्य जोशी, स्टूडेंट मेंटर प्रोग्राम के ओवरऑल कोऑर्डिनेटर देव अरोड़ा और रिसर्च स्कॉलर देवी लाल। अन्य सदस्यों में रिटायर्ड आईएएस अधिकारी विश्वनाथ गिरिराज, फिजिक्स डिपार्टमेंट के पूर्व इंस्टीट्यूट विजिलेंस ऑफिसर प्रो. के.जी. सुरेश और साइकियाट्रिस्ट डॉ. हरीश शेट्टी शामिल हैं।

इंस्टीट्यूट के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि पैनल के गठन की जानकारी शिक्षा मंत्रालय को दे दी गई है और उनकी मंजूरी का इंतजार है।

यह भी पढ़ें: IIT बॉम्बे सुसाइड केस: एग्जाम हॉल से हॉस्टल तक साहिल ने क्या-क्या किया? क्राइम ब्रांच को मिला 15 मिनट का CCTV फुटेज