विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मेरे बेटे को मारा गया, प्रताड़ित किया गया', IIT बॉम्बे में खुदकुशी करने वाले छात्र की मां ने लगाए गंभीर आरोप

Published: Sat, 19 Sep 2026 08:28 PM (IST)

आईआईटी बॉम्बे में 22 वर्षीय छात्र साहिल रविंद्र वाकोड़े की मौत के बाद छात्रों ने पारदर्शी जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

IIT बॉम्बे के खुदकुशी करने वाले छात्र की मां।

IIT बॉम्बे के खुदकुशी करने वाले छात्र की मां।

HighLights

  1. आईआईटी बॉम्बे छात्र साहिल वाकोड़े की मौत के बाद प्रदर्शन।

  2. मां ने बेटे को प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया।

  3. पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मुंबई के पवई परिसर में शुक्रवार शाम 22 वर्षीय बीटेक छात्र साहिल रविंद्र वाकोड़े की मौत के बाद छात्रों ने रात भर प्रदर्शन किया। छात्रों ने परिसर में प्रदर्शन कर मामले की पारदर्शी जांच और जवाबदेही की मांग की है।

पुलिस के अनुसार, साहिल को शुक्रवार को परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था। आईआईटी मुंबई की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि छात्र ने परीक्षा के प्रश्नपत्र की तस्वीर कथित रूप से चैट जीपीटी पर अपलोड कर उत्तर हासिल करने का प्रयास किया था।

संस्थान के मुताबिक, इस मामले में छात्र के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू नहीं की गई थी। आईआईटी की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि परीक्षा के दौरान हुई घटना के बाद परीक्षा के इंस्ट्रक्टर और विभागाध्यक्ष ने छात्र से बातचीत की और उसकी काउंसिलिंग की थी। उसे आश्वस्त किया गया था कि इस घटना का उसके अकादमिक कैरियर पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।

इसके बाद साहिल अपने हॉस्टल के कमरे में लौट गए। शाम को उनके कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर हॉस्टल के छात्रों ने संस्थान के अधिकारियों को सूचना दी। बाद में पुलिस को जानकारी दी गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खोला तो साहिल को मृत पाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआत में पवई पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज की थी। बाद में पुलिस ने घटना से जुड़े सभी व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू  कर दी है। साहिल के स्वजन मुंबई पहुंच गए हैं और उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस परिसर में मौजूद छात्रों से भी पूछताछ कर रही है।

साहिल की मां ने अपने बेटे को प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि मेरे बेटे को मारा गया, प्रताड़ित किया गया। मुझे न्याय चाहिए। वहीं प्रदर्शन कर रहे कुछ छात्रों ने दावा किया कि परीक्षा में मोबाइल इस्तेमाल करने की घटना के बाद साहिल को एक वर्ष के निलंबन की धमकी दी गई थी।

छात्रों का कहना था कि ऐसी कार्रवाई होने पर उन्हें हॉस्टल छोड़कर परिसर के बाहर रहना पड़ सकता था और इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने में भी देरी हो सकती थी। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और आईआईटी की ओर से छात्र के खिलाफ ऐसी किसी कार्रवाई की बात से इंकार किया गया है।

घटना की जानकारी फैलते ही शुक्रवार देर शाम बड़ी संख्या में छात्र परिसर में जुट गए। उन्होंने प्रशासन से मामले की पूरी जानकारी सार्वजनिक करने और घटना की परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच की मांग की। स्थिति को देखते हुए परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया। डीसीपी दत्तात्रय नलावड़े ने बताया कि छात्र की मौत के बाद कुछ छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।

आईआईटी प्रशासन छात्रों से बातचीत कर रहा है और मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ छात्र प्रदर्शन से हट गए, जबकि कुछ छात्रों के साथ बातचीत जारी रही।

बता दें कि आईआईटी मुंबई परिसर में पिछले करीब सात महीनों में छात्र की मौत की यह तीसरी घटना बताई जा रही है। फरवरी में द्वितीय वर्ष के एक छात्र की हॉस्टल में मौत हुई थी। इसके बाद जुलाई 2026 में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में 20 वर्षीय बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र ने भी आत्महत्या कर ली थी।