विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IIT बॉम्बे सुसाइड मामला: संस्थान ने मिड-सेम परीक्षाएं टालीं, चैटजीपीटी वाले बयान पर फिर मांगी माफी

Published: Thu, 24 Sep 2026 11:50 PM (IST)

आईआईटी बॉम्बे ने साहिल वाकोडे आत्महत्या मामले में मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं टाल दी हैं और चैट जीपीटी संबंधी अपने पिछले बयान के लिए माफी मांगी है।

आईआईटी बॉम्बे ने मिड-टर्म परीक्षाएं टालीं

आईआईटी बॉम्बे ने मिड-टर्म परीक्षाएं टालीं

HighLights

  1. आईआईटी बॉम्बे ने मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं 10-11 अक्टूबर तक टालीं।

  2. संस्थान ने चैट जीपीटी नकल संबंधी बयान पर माफी मांगी।

  3. साहिल के माता-पिता ने न्याय के लिए भूख हड़ताल शुरू की।

राज्य ब्यूरो, मुंबई। आईआईटी बॉम्बे के बीटेक के छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या को लेकर जारी आरोपों-प्रत्यारोपों के बीच संस्थान ने मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं टाल दी हैं। संस्थान ने साहिल द्वारा चैट जीपीटी से नकल करने संबंधी अपने पिछले बयान के लिए फिर से माफी भी मांगी है।

इस बीच साहिल के माता-पिता ने गुरुवार को भूख हड़ताल शुरू कर दी। वे अपने बेटे को प्रताड़ित करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी उनसे फोन पर बात की और उन्हें अपने बेटे के लिए न्याय की लड़ाई में हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

एक अधिकारी ने बताया कि संस्थान ने 26 व 27 सितंबर को होने वाली मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं टाल दी हैं। अब ये 10 व 11 अक्टूबर को होंगी। संस्थान ने अपने पिछले बयान के लिए भी फिर से माफी मांगी है। इसमें कहा गया था कि परीक्षा के दौरान चैट जीपीटी का इस्तेमाल करते हुए पकड़े जाने के कुछ घंटों बाद साहिल ने आत्महत्या कर ली थी।

सूत्रों के अनुसार, आईआईटी प्रशासन छात्रावासों में छात्रों की आवासीय व्यवस्था बदलने पर भी विचार कर रहा है। अब उन कमरों में दो-दो छात्रों को रखने पर विचार किया जा रहा है, जो पहले एक छात्र को ही आवंटित किए जाते थे।

इस बीच, साहिल के माता-पिता रवींद्र और सोनाली वाकोडे ने मुंबई के आजाद मैदान में भूख हड़ताल शुरू कर दी है। रवींद्र ने कहा, "जिन लोगों ने मेरे बेटे को प्रताड़ित किया, उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए। उसने हमें बताया था कि उसे संस्थान में बार-बार जातिगत भेदभाव का सामना करना पड़ा।"

इससे पहले उन्होंने शहर में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष से मुलाकात करके जल्द जांच की मांग संबंधी ज्ञापन सौंपा। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष व सांसद वर्षा गायकवाड़ ने बताया कि राहुल गांधी ने साहिल के माता-पिता से वीडियो काल पर लगभग 17 मिनट की बातचीत में हर तरह की मदद का आश्वासन दिया है।

वर्षा गायकवाड़, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और एनएसयूआई कार्यकर्ता साहिल के परिवार के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए आईआईटी के बाहर प्रदर्शन के लिए एकत्रित हुए, लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

मुंबई क्राइम ब्रांच परीक्षा कक्ष व आसपास के सीसीटीवी फुटेज एवं साहिल से संबंधित लोगों के बयान की जांच कर रही है। साहिल का आईफोन लॉक होने के कारण उसका डाटा हासिल करने में जांचकर्ताओं को परेशानी हो रही है। कुछ टीवी चैनलों ने 18 सितंबर का परीक्षा हाल का सीसीटीवी फुटेज दिखाया है, जिसमें एक प्रोफेसर साहिल के पास आते और कथित तौर पर नकल करते हुए पकड़े जाने पर उसे हाल से बाहर ले जाते दिख रहे हैं।

सोशल मीडिया पर प्रोफेसर सूर्यनारायण दुल्ला का एक ईमेल भी वायरल हो रहा है, जो कथित तौर पर 2024 में भेजा गया था जब वह 'डीन आफ स्टूडेंट अफेयर्स' थे।

इसमें उन्होंने छात्रों को चेतावनी दी थी कि वे साथी छात्रों से एडमिशन कैटेगरी, जेईई (एडवांस्ड) रैंक या गेट स्कोर के बारे में न पूछें क्योंकि इससे उनकी जाति या आरक्षण श्रेणी के बारे में पता चल सकता है।