Mumbai High Tide ALERT: मुंबई में तेज बारिश के साथ High tide अलर्ट, समुद्र में उठेंगी ऊंची लहरें
Mumbai High Tide ALERT मौसम विभाग ने मुंबई में दोपहर में High tide की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया है साथ ही कुछ जगहों पर तेज बारिश भी आ सकती है।
मुंबई, एएनआइ। मुंबई में मानसूनी बारिश का दौर जारी है, मौसम विभाग के अनुसार शहर में हल्की और मध्यम बारिश के साथ ही दोपहर 2 बजकर 14 मिनट पर हाइटाइड की भी संभावना है, जिससे समुद्र में 4.67 मीटर ऊंची लहरें उठेंगी। इन दिनों मुंबई में तेज बारिश के साथ तेज हवाएं भी चल रही हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए मौसम विभाग ने हाईटाइड का अलर्ट जारी किया है । बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के अनुसार कुछ स्थानों पर तेज बारिश की भी आशंका जाहिर की गयी है।
मौसम विभाग के अलर्ट के अनुसार अगले 24 घंटों में मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पालघर जिलों में भारी से भारी बारिश होने का अनुमान है। तेज बारिश की संभावना को देखते हुए विदर्भ क्षेत्र में अगले 48 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है। वहीं रायगढ़ में अगले 24 घंटों में आंधी के साथ तेज बारिश की पूरी संभावना है।
आइएमडी, मुंबई के उपमहानिदेशक के एस होसलिकर ने शुक्रवार को एक ट्वीट कर जानकारी दी थी, कि विदर्भ में अगले 48 घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इससे पहले, मुंबई और ठाणे में पिछले 24 घंटों में शुक्रवार को सुबह साढ़े आठ बजे तक भारी से मध्यम बारिश दर्ज की गयी थी। मौसम विभाग का कहना था कि रायगढ़ जिले से सटे माथेरान वेधशाला में इस अवधि में 122.20 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।
वहीं रायगढ़ जिले के अलीबाग मौसम विभाग में 49 मिमी बारिश दर्ज की गई जबकि तटीय कोंकण क्षेत्र में जिला रत्नागिरी में 83.6 मिमी बारिश हुई। पालघर में दहानू वेधशाला में 67.4 मिलीमीटर बारिश हुई। मुंबई के कोलाबा मौसम ब्यूरो में 63.2 मिमी वर्षा और सांताक्रूज वेधशाला में 31.6 मिमी बारिश रिकार्ड की गयी। ठाणे बेलापुर औद्योगिक संघ के मौसम केंद्र ने 60 मिमी बारिश हुई।