विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मशहूर गजल गायक तलत अजीज के घर में लगी आग, शॉर्ट सर्किट से परिवार के 5 लोग बेहोश

Published: Sun, 04 Oct 2026 10:55 AM (IST)

मशहूर गजल गायक तलत अजीज के मुंबई स्थित घर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिससे पांच लोग धुएं के कारण अस्वस्थ हो गए।

गजल गायक तलत अजीज के घर पर लगी आग।

गजल गायक तलत अजीज के घर पर लगी आग।

HighLights

  1. तलत अजीज के मुंबई स्थित घर में शॉर्ट सर्किट से आग।

  2. धुएं के कारण पांच लोग हुए अस्वस्थ, अस्पताल में भर्ती।

  3. दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया, सभी सुरक्षित डिस्चार्ज।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई के पॉश इलाके में शुक्रवार देर रात मशहूर गजल गायक तलत अजीज के घर में शॉर्ट सर्किट की वजह से अचानक आग लग गई। इस हादसे में धुआं भरने के कारण तलत अजीज समेत पांच लोगों का दम घुटने लगा, जिससे वे अस्वस्थ हो गए। हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के बाद सभी को सुरक्षित घर भेज दिया गया है।

बता दें कि यह घटना शुक्रवार 2 अक्टूबर की रात करीब 10:56 बजे जुहू के अंधेरी वेस्ट इलाके में स्थित 'मित्तल पार्क' नामक इमारत की है। दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, आग इमारत की ग्राउंड फ्लोर पर स्थित रूम नंबर 12A में लगी थी। आग शॉर्ट सर्किट की वजह से फैली, जिससे वहां रखा सोफा, एसी, बिजली की वायरिंग और अन्य घरेलू सामान जल गया।

कौन-कौन था चपेट में?

मिली जानकारी के अनुसार इस दुर्घटना में जिन पांच लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई, उनमें खुद 70 वर्षीय गायक तलत अजीज, शाहीन अजीज (30), अदनान अजीज (25), बीना अजीज (65) और सिकंदर सिंह (45) शामिल हैं।

शुरुआती हालत में अदनान अजीज की स्थिति थोड़ी गंभीर थी और उन्हें आईसीयू (ICU) में भर्ती कराया गया था, जबकि बाकी सभी की हालत स्थिर थी। गनीमत यह रही कि कुछ समय के इलाज के बाद सभी पांचों लोगों को अस्पताल से छुट्टी (Discharge) मिल गई है।

समय रहते टला बड़ा हादसा

गौरतलब है कि दमकल विभाग को सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। बिजली का कनेक्शन काटकर सिर्फ कुछ ही मिनटों में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, जिससे आग आसपास के फ्लैटों तक नहीं फैल पाई और एक बड़ा हादसा टल गया।