रनवे पर आया जंगली सूअर, बाल-बाल बचे इंडिगो विमान यात्री
45 मिनट बाद जरूरी जांच के लिए पायलट ने विमान की लैंडिंग कराई। इसके चलते उड़ान में डेढ़ घंटे की देरी हुई।
मुंबई, प्रेट्र। विशाखापत्तनम हवाई अड्डे पर रविवार को बड़ा विमान हादसा टल गया। इंडिगो विमान में सवार करीब 160 यात्री और चालक दल के सदस्य तब बाल-बाल बच गए जब रनवे पर एक जंगली सूअर आ गया। विमान उड़ान भरने के अंतिम चरण था तभी जंगली सूअर उसके नीचे आ गया।
इंडिगो का विमान विशाखापत्तनम से हैदराबाद के लिए प्रस्थान कर रहा था। अंतिम समय में सूअर के रनवे पर आने के चलते पायलट विमान को उड़ान भरने से रोक नहीं पाया, लेकिन संभावित नुकसान की आशंका
के चलते विमान को वापस लैंड करा दिया।
इसके बाद इंजीनियरों की टीम ने विमान की जरूरी जांच की उसके बाद विमान ने दोबारा उड़ान भरी। इस घटना की जानकारी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) को दे दी गई है। एयरलाइन ने बयान में कहा, उड़ान संख्या 6ई-742 से जंगली सूअर के टकराने के बाद पायलट ने तुरंत हवाई यातायात नियंत्रण
(एटीसी) को इसकी सूचना दी। उसने विमान को विशाखापत्तनम के ऊपर ही रखने का फैसला किया।
45 मिनट बाद जरूरी जांच के लिए पायलट ने विमान की लैंडिंग कराई। इसके चलते उड़ान में डेढ़ घंटे की देरी हुई। एयरलाइन ने कहा कि हमारे लिए हमेशा यात्रियों की सुरक्षा सबसे ऊपर। इंडिगो ने कहा कि उसने विशाखापत्तनम हवाई अड्डा के अधिकारियों के समक्ष पक्षियों और जानवरों के मुद्दे को उठाया है।
यह भी पढ़ें: मुंबई की मोनो रेल में आग लगी, दो डिब्बे खाक